त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तीसरे और अंतिम चरण में आज छत्तीसगढ़ के 50 विकासखंडों में मतदान हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने विकासखंड कांसाबेल के शासकीय प्राथमिक शाला बगिया स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। मुख्यमंत्री के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मतदान में शामिल हुए। मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ सेल्फी जोन में तस्वीरें खींचवाईं।
इस चरण में कुल 30,990 पंच, 3,802 सरपंच, 1,122 जनपद सदस्य और 145 जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए मतदान हुआ। मतगणना 24 फरवरी को होगी, जिसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी मतदान हुआ
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ जनपद के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी मतदान हुआ। इन क्षेत्रों में मिरतुर, नेलसनार, कुटरू, जांगला, कोसलनार, फरसेगढ़, बेदरे, दरभा सहित अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान के लिए लोगों की लंबी कतारें लगीं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और कलेक्टर द्वारा मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
विकासखंडों में हुआ मतदान
आज जिन विकासखंडों में मतदान हुआ, उनमें बिलासपुर जिले के कोटा और तखतपुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले का मरवाही, मुंगेली जिले का पथरिया, जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा और पामगढ़, सक्ती जिले के सक्ती और डभरा, कोरबा जिले के कटघोरा और पाली, रायगढ़ जिले के तमनार, लैलूंगा और घरघोड़ा, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का सारंगढ़ शामिल हैं।
इसके अलावा सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी, बेमेतरा, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, कोण्डागांव, बस्तर, नारायणपुर, उत्तर बस्तर कांकेर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिले के विकासखंडों में भी मतदान हुआ। विकासखंडों में मतदान के लिए 89 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 60 ग्राम पंचायतों और 175 वार्डों के लिए मतदान हुआ।