!
रायपुर। छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री के इतिहास में पहली बार एक साथ दो मेगा फिल्मों – जानकी भाग-1 (हिंदी-छत्तीसगढ़ी) और गुईयां-2 (छत्तीसगढ़ी) – का फर्स्ट ट्रेलर लांच एक ही मंच से किया गया। 17 अप्रैल 2025 को रायपुर के बुढ़ातालाब स्थित श्याम टॉकीज परिसर में हुए इस ऐतिहासिक इवेंट में इंडस्ट्री के तमाम बड़े नाम और सैकड़ों दर्शकों की मौजूदगी देखी गई।
एन माही फिल्म्स प्रोडक्शन द्वारा निर्मित इन दोनों फिल्मों के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अभिनेता योगेश अग्रवाल, निर्माता सतीश जैन, मनोज वर्मा, गजेन्द्र श्रीवास्तव, निरज विक्रम, रॉकी दासवानी, भारती वर्मा, श्याम सिनेमा ऑनर लाभांश तिवारी और पूर्व पार्षद किरण साहू शामिल रहे।
निर्माता मोहित साहू ने कहा – “गुईयां-1 की सफलता जनता के प्रेम का नतीजा है। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती – आज हमने गुईयां-2 और हिंदी-छत्तीसगढ़ी मेगाबस्टर जानकी भाग-1 का ट्रेलर लॉन्च किया है। ये दोनों फिल्में पेन इंडिया लेवल पर रिलीज की जाएंगी।”
उन्होंने आगे बताया कि गुईयां-2 2 मई 2025, और जानकी भाग-1 13 जून 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देंगी।
छॉलीवुड सुपरस्टार अमलेश नागेश की धमाकेदार वापसी!
हाल ही में इंडस्ट्री से दूरी बनाने का इशारा देने वाले छत्तीसगढ़ी सुपरस्टार अमलेश नागेश ने अपने फैंस के प्यार के आगे झुकते हुए फिल्म गुईयां-2 से ब्लॉकबस्टर कमबैक किया है। फिल्म में वे दिलेश साहू, प्रकाश अवस्थी, अनुकृति चौहान, दीक्षा जायसवाल जैसे कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
श्याम टॉकीज में उमड़ा जनसैलाब, यातायात जाम
ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अभिनेता अमलेश नागेश और अन्य स्टारकास्ट को देखने भारी संख्या में फैन्स उमड़ पड़े। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि श्याम सिनेमा से लेकर मठपारा चौक तक एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया और सामान्यतः पांच मिनट की दूरी तय करने में घंटों लग गए।
कुछ लोगों ने इस भीड़ को परेशानी बताया, तो कुछ ने इसे छॉलीवुड की शक्ति और स्टारडम का प्रतीक बताया। भीड़ से ये साफ है कि छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री तेजी से नई ऊंचाइयों को छू रही है।