अबूझमाड़ ऑपरेशन में बड़ी सफलता, 27 नक्सली ढेर – सीएम साय बोले, 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का होगा पूर्ण अंत
बसव राजू सहित कई कुख्यात नक्सली मारे गए, बस्तर में लौट रही शांति

रायपुर/बस्तर, 22 मई
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार शाम मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति और अबूझमाड़ नक्सल ऑपरेशन की सफलता को लेकर अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नक्सलवाद सबसे बड़ा खतरा है और उनकी सरकार इसे जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय से नक्सलवाद की चपेट में रहा है, जिससे जनजातीय समुदाय को भारी नुकसान हुआ है। स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से लोगों को वंचित किया गया।

“भाजपा सरकार के आने के बाद बस्तर में लगातार सघन ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। हमने यह संकल्प लिया है कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त कर दिया जाएगा,” – सीएम विष्णुदेव साय

उन्होंने बताया कि अबूझमाड़ क्षेत्र में हुए ऑपरेशन में 27 कुख्यात नक्सली मारे गए, जिनमें सीपीआई (माओवादी) का महासचिव बसव राजू भी शामिल है। बसव राजू पर 3 करोड़ 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुख्यमंत्री ने इसे तीन दशकों की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया।

“तीन दशक में पहली बार महासचिव स्तर के किसी नक्सली को ढेर किया गया है। इससे नक्सलियों की कमर टूट गई है। ये उनके नेटवर्क को बड़ा झटका है।” – सीएम साय

नक्सली सिमट रहे हैं, बस्तर में लौट रही है शांति
मुख्यमंत्री ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली अब समाज की मुख्यधारा में लौट चुके हैं और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। बस्तर अंचल में शांति धीरे-धीरे स्थापित हो रही है और लोग अब विकास व स्थायित्व की ओर बढ़ रहे हैं।

“बस्तर के लोग नक्सलवाद से मुक्ति चाहते हैं। अब नक्सली एक सीमित दायरे में सिमट गए हैं। बस्तर में नक्सलवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है।” – सीएम साय

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की नीति स्पष्ट है – विकास और सुरक्षा का दोहरा अभियान। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है और सुरक्षा बलों को आधुनिक संसाधनों से लैस किया गया है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *