छत्तीसगढ़: शालेय शिक्षक संघ की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, 28 मई को मंत्रालय घेराव की रणनीति तैयार

रायपुर | स्कूल शिक्षा विभाग के युक्तियुक्तकरण (Rationalization) नीति के विरोध में छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ ने रविवार को एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की। बैठक में 28 मई को रायपुर में होने वाले मंत्रालय घेराव आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। संगठन ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन शिक्षक विहीन व एकल शिक्षकीय शालाओं में शिक्षकों की नियुक्ति के विरोध में नहीं, बल्कि वर्तमान युक्तियुक्तकरण सेटअप की विसंगतियों के खिलाफ है।

2008 सेटअप से तुलना कर जताई आपत्ति
प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने कहा कि विभागीय सेटअप में प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शालाओं में एक-एक शिक्षक कम करने की कोशिश की जा रही है, जो शिक्षक, शिक्षा और शिक्षार्थी—तीनों के ही हितों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल शिक्षा विभाग अपने ही वर्तमान सेटअप को अप्रासंगिक बताकर 2009 के आरटीई एक्ट को ढाल बना रहा है, जबकि यह एक्ट केवल न्यूनतम मापदंड तय करता है, अधिकतम नहीं।

विषयवार शिक्षकों की व्यवस्था समाप्त करना गलत कदम
शिक्षक संघ ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि राज्य के सेटअप में लागू विषयवार शिक्षकों की व्यवस्था को 2023 में समाप्त कर दिया गया, जबकि आरटीई में विषयवार शिक्षक की व्यवस्था स्पष्ट है। इससे स्पष्ट होता है कि विभाग युक्तियुक्तकरण को एकतरफा लागू कर रहा है।

यह भी पढ़ें COVID: रायपुर में मिला कोरोना का नया मामला, मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री नहीं, लोकल ट्रांसमिशन की आशंका

प्रभावित होगी शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों की सुरक्षा
प्रांतीय महासचिव धर्मेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था केवल मंत्रालय में बैठे अधिकारियों से नहीं चलती, बल्कि उसमें मैदानी अमले और समुदाय की भी भूमिका होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी स्कूल में केवल दो शिक्षक हैं और उनमें से एक किसी कारणवश अनुपस्थित हो जाता है, तो वह स्कूल शिक्षक विहीन या एकल शिक्षकीय हो जाएगा, जिससे बच्चों की शिक्षा ही नहीं, सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

संघ ने सरकार से उठाई मांग
शिक्षक संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर व्यावहारिक समाधान निकाला जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 28 मई को राजधानी रायपुर में बड़ा जनसैलाब उमड़ेगा और मंत्रालय का घेराव किया जाएगा।

बैठक में शामिल हुए सैकड़ों पदाधिकारी
बैठक में प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, मीडिया प्रभारी जितेन्द्र शर्मा, महासचिव धर्मेश शर्मा सहित राज्यभर के विभिन्न जिलों के अध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन मीडिया प्रभारी जितेन्द्र शर्मा ने किया और आभार प्रदर्शन गजराज सिंह ने किया। इस अवसर पर संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों ने एक सुर में सरकार से युक्तियुक्तकरण पर पुनर्विचार करने की अपील की।


By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *