PM chairs the 47th Annual General Meeting of the Prime Ministers Museum and Library Society, in New Delhi on June 23, 2025.

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ की 123वीं कड़ी में देश को किया संबोधित – योग, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण और लोकतंत्र पर दिए विशेष संदेश

नई दिल्ली, 29 जून 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 123वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने हाल ही में मनाए गए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की ऐतिहासिक सफलता, देश की प्रमुख स्वास्थ्य उपलब्धियों, महिलाओं के नेतृत्व में हो रहे बदलावों, पर्यावरण की दिशा में हो रही पहलों और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प जैसे कई विषयों को विस्तार से रखा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ पर देश-दुनिया ने दिखाया अद्भुत उत्साह
प्रधानमंत्री ने बताया कि 21 जून को मनाए गए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में देश-दुनिया के करोड़ों लोगों ने भाग लिया। विशाखापत्तनम में तीन लाख लोगों ने समुद्र तट पर एक साथ योग किया, जबकि दो हजार से अधिक आदिवासी छात्रों ने 108 मिनट तक 108 सूर्य नमस्कार किए। जम्मू-कश्मीर के चिनाब ब्रिज से लेकर हिमालय की चोटियों तक और दुनिया के बड़े शहरों न्यूयॉर्क, लंदन और पेरिस में भी योग का उत्साह देखने को मिला।

कैलाश मानसरोवर और अमरनाथ यात्रा का हुआ शुभारंभ
प्रधानमंत्री ने धार्मिक यात्राओं को भारत की एकता, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कैलाश मानसरोवर यात्रा के पुनः शुरू होने और 3 जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा की जानकारी दी। जगन्नाथ रथयात्रा जैसे पर्वों को एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना से जोड़ा।

भारत को मिला ट्रेकोमा मुक्त देश का दर्जा
प्रधानमंत्री ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत को ट्रेकोमा मुक्त घोषित किया है। यह एक बड़ी स्वास्थ्य उपलब्धि है, जो स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और देश के स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत से संभव हो पाई है।

आईएलओ की रिपोर्ट: 95 करोड़ भारतीयों को मिल रहा सामाजिक सुरक्षा का लाभ
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) की रिपोर्ट के अनुसार भारत की 64 प्रतिशत आबादी को किसी न किसी सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ मिल रहा है, जो 2015 के मुकाबले चार गुना से अधिक है।

आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ: लोकतंत्र की रक्षा में जनता की जीत
प्रधानमंत्री ने 1975 में लगे आपातकाल को लोकतंत्र की हत्या बताया और मोरारजी देसाई, बाबू जगजीवन राम तथा अटल बिहारी वाजपेयी की बातों को उद्धृत करते हुए लोकतंत्र की रक्षा में जनता के संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान को सशक्त बनाए रखने के लिए हमें सतर्क रहना होगा।

बोडोलैंड में फुटबॉल बना बदलाव का प्रतीक
बोडोलैंड में हो रहे CEM कप में 3700 से अधिक टीमों और 70 हजार से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी को उल्लेखनीय बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ टूर्नामेंट नहीं, एकता और उम्मीद का उत्सव है।

मेघालय के एरी सिल्क को मिला GI टैग
एरी सिल्क की विशेषताओं को बताते हुए उन्होंने कहा कि यह रेशम पूरी तरह अहिंसक तरीके से तैयार किया जाता है और इसकी वैश्विक मांग बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से खादी, हैंडलूम और हस्तशिल्प को अपनाने की अपील की।

महिला सशक्तिकरण की अनूठी कहानियां
तेलंगाना, कर्नाटक और मध्यप्रदेश की महिलाओं द्वारा शुरू किए गए खाद्य उत्पाद, सैनिटरी पैड निर्माण, दीदी कैंटीन और मशरूम उत्पादन जैसे कार्यों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ये महिलाएं आत्मनिर्भर भारत की असली प्रेरणा हैं।

वियतनाम में भगवान बुद्ध के अवशेषों के दर्शन पर अपार श्रद्धा
प्रधानमंत्री ने बताया कि नागार्जुनकोंडा (आंध्र प्रदेश) से मिले भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को हाल ही में वियतनाम ले जाया गया था, जहां डेढ़ करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। उन्होंने इसे भारत और वियतनाम के रिश्तों में आध्यात्मिक जुड़ाव बताया।

पर्यावरण की दिशा में जनता की भागीदारी
पुणे के रमेश खरमाले और महाराष्ट्र के पाटोदा गांव जैसे उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की सराहना की। अहमदाबाद में मिशन फॉर मिलियन ट्रीज और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसे अभियानों का भी उल्लेख किया।

भारत की अंतरिक्ष यात्रा का नया अध्याय
प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्पेस सेंटर में नई उपलब्धि हासिल की है। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बातचीत का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस विषय पर अगली कड़ी में और चर्चा करेंगे।

1 जुलाई को डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस की बधाई
प्रधानमंत्री ने समाज के दो महत्वपूर्ण स्तंभों – डॉक्टरों और सीए – को 1 जुलाई के अवसर पर शुभकामनाएं दीं और उनकी सेवाओं को सराहा।

अंत में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ‘मन की बात’ के लिए सुझाव भेजने का आग्रह किया और कहा कि अगली कड़ी में जनता की नई उपलब्धियों और प्रेरणादायक कहानियों के साथ फिर से जुड़ेंगे।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *