नई दिल्ली/रायपुर – छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने सोमवार को दिल्ली में राजनीतिक दृष्टि से अहम मुलाकातें कीं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी से अलग-अलग भेंट कर छत्तीसगढ़ से जुड़े राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
अमित चिमनानी ने केंद्रीय खेल, युवा, श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ आने का आमंत्रण भी दिया। बातचीत के दौरान राज्य में युवाओं के लिए खेल और रोजगार के क्षेत्र में केंद्र सरकार की भूमिका और संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के तेजतर्रार प्रवक्ता और रणनीतिकार डॉ. सुधांशु त्रिवेदी से भी मुलाकात की। इस भेंट में वर्तमान राष्ट्रीय राजनीतिक परिदृश्य, छत्तीसगढ़ की स्थिति और मीडिया रणनीति पर विशेष चर्चा हुई। चिमनानी ने त्रिवेदी को भी छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया और पार्टी की गतिविधियों में भागीदारी का आग्रह किया।

मुलाकात के बाद चिमनानी ने कहा,
“छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब हमें राष्ट्रीय नेतृत्व से मार्गदर्शन लेकर प्रदेश को विकास की नई दिशा में आगे बढ़ाना है। केंद्रीय नेताओं का अनुभव और समर्थन हमारी कार्ययोजनाओं को मजबूती देगा।”