भगवान जगन्नाथ की यात्रा पर झूठी टिप्पणी कर राहुल गांधी ने बहुत बड़ा अपराध किया:पुरंदर मिश्रा

राहुल गांधी को लगेगा श्राप होगी दुर्गति और सत्यानाश:पुरंदर मिश्रा

सनातन विरोधी राहुल गांधी का ऐसा बयान बर्दाश्त नहीं:पुरंदर मिश्रा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के विधायक पुरंदर मिश्रा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा जगन्नाथ भगवान की रथयात्रा को लेकर बोले गए झूठ पर करारा हमला करते हुए कहा कि इस झूठ के कारण राहुल गांधी की दुर्गति होना तय है।

भाजपा विधायक श्री मिश्रा ने रविवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ और उनकी रथयात्रा को लेकर झूठ बोलने का ऐसा दुस्साहस न पहले कोई कर पाया, न आज कर पाता है और न ही भविष्य में कोई कर पाएगा। भगवान जगन्नाथ कलियुग के भगवान हैं और उनकी इच्छा के बिना तो उनके दर्शन तक नहीं मिलते। श्री मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अब लगातार सनातन विरोधी चरित्र का प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस के बड़े से लेकर छोटे, तमाम नेता इन दिनों अपने सनातन विरोधी एजेंडे पर चल रहे हैं। इससे अधिक शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते लोकस‌भा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हमेशा राजनीति के निम्न स्तर को छुआ है और अब वह विश्वभर के करोड़ों लोगों की आस्था के साथ भी झूठ बोलकर खिलवाड़ करने से बाज नहीं आए हैं। राहुल गांधी को इस बात पर शर्म महसूस करनी चाहिए। श्री मिश्रा ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर सफेद झूठ बोलकर अपने सनातन विरोधी चरित्र का परिचय दे रहे राहुल गांधी को यह नहीं भूलना चाहिए कि ऐसे लोगों की राजनीति में कोई जगह नहीं है और भगवान जगन्नाथ के नाम पर झूठ बोलकर जिसने भी राजनीति करने का दुस्साहस किया, उसका हश्र बुरा ही होगा। राहुल गांधी ने यह सरासर मिथ्या प्रलाप किया है कि रथयात्रा में आम भक्तों की भीड़ रोककर एक विशेष व्यक्ति के लिए रास्ता साफ किया गया।

भाजपा विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि रथयात्रा को लेकर इस तरह की झूठी बयानबाजी करके अपनी मूर्खता ही साबित की गई है। ऐसी टिप्पणियां ‘अनुचित और अतार्किक’ हैं। जब तक भगवान जगन्नाथ स्वयं नहीं चाहेंगे, तब तक पुरी में रथों को कोई नहीं रोक सकता। कभी हिंदुओं को हिंसक बताने, हिन्दुत्ववादियों को देश से खदेड़ने की बातें करने वाले राहुल गांधी के मुँह से इस तरह का झूठ निकलना कोई नई बात नहीं है। श्री मिश्रा ने कहा कि जिस कांग्रेस में सनातन धर्म को एड्स, फ्लू, वायरस बताकर गाली देने की परम्परा रही हो, भगवान श्री राम को काल्पनिक बताया गया हो, रामसेतु के अस्तित्व तक को नकार दिया जाता हो, उस कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और कांग्रेसनीत इंडी गठबंधन के पाखण्ड, प्रपंच और सनानन विरोधी निर्लज्ज आचरण को पूरा देश समझ रहा है।

भाजपा विधायक श्री मिश्रा ने बताया कि 3 हजार साल पहले ईसा मसीह, 2 हजार साल पहले मुस्लिम धर्म गुरु (जिन्होंने जगन्नाथ दर्शन के बाद अपना नाम परिवर्तन कर हरिराम ठाकुर रख लिया था), 5 सौ वर्ष पूर्व गुरु नानकदेव, 1912 में सिंधी समाज के संत मंगलराम, गुजराती समाज के गुरु स्वामीनारायण, संत कवि कबीरदास आदि ने जगन्नाथ धाम पहुंचकर दर्शन लाभ प्राप्त किया। ईसा मसीह की प्रतिमा पर तो भगवान जगन्नाथ का तिलक तक अंकित है। श्री मिश्रा ने कहा कि आज सभी सनातन विरोधी यह झूठ बोलकर भगवान जगन्नाथ का अपमान कर रहे हैं कि किसी व्यक्ति के लिए रथयात्रा रोकी गई। यह भक्त और भगवान की, भाई और बहन की पवित्र यात्रा है, जिसे कोरोना काल में महज 100 लोगों ने रथे खींचकर पूर्ण किया जबकि 1842 में अंग्रेजों ने 41 हाथियों के साथ रथ खिंचवाने का प्रयास किया लेकिन रथ टस-से-मस नहीं हुआ था।

भाजपा विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि भगवान जगन्नाथ सर्वशक्तिमान हैं और उनके धाम में किसी के साथ कोई भेद‌भाव नहीं होता । भगवान जगन्नाथ के धाम में सर्वधर्म समभाव के दर्शन होते हैं। आज विश्व के 28 देशों में भगवान जगन्नाथ के मंदिर स्थापित हैं और वहाँ रथयात्रा का भव्य आयोजन होता है। श्री मिश्र ने राहुल गांधी को चुनौती दी कि वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़‌गे के साथ जगन्नाथ-दर्शन के लिए आ जाएँ तो उन्हें सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। अगर उनके मंदिर में कोई अपने अहंकार के साथ जाएगा तो भगवान जगन्नाथ उसका गर्व भंजन करके दर्शन नहीं देंगे। श्री मिश्रा ने फिर दुहराया कि सनातन संस्कृति, परम्परा और आस्था के प्रति जो दुर्भावना राहुल गांधी व्यक्त कर रहे हैं, उससे कांग्रेस का सर्वनाश निकट है। कोट के ऊपर जनेऊ पहनने का पाखंड तो भारतवासी ही खत्म करेंगे ।

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी,जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर,प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर,पैनलिस्ट निशिकांत पांडे मौजूद रहे।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *