नई दिल्ली/रायपुर।राहुल गांधी द्वारा उठाए गए ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब इसे राष्ट्रीय अभियान बनाने की तैयारी में है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 11 अगस्त को कांग्रेस के सभी राज्यों के प्रभारियों के साथ एक अहम बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ संदेश को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस अभियान में एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और सेवा दल जैसे संगठन भी हिस्सा लेंगे।

कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक पार्टी अब केवल चुनावी मैदान में नहीं, बल्कि ‘कथा और धारणा’ की लड़ाई में भी भाजपा को घेरने की कोशिश कर रही है। पार्टी का मानना है कि भाजपा पिछले एक दशक से कांग्रेस के खिलाफ एक मजबूत नैरेटिव बनाकर चुनावी लाभ उठा रही है। इसी को काटने के लिए ‘वोट चोरी’ जैसे मुद्दों को धार दी जा रही है।

राहुल गांधी के आरोप और कांग्रेस का डिजिटल अभियान

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा में चुनावों में धांधली के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर एक वेब पेज भी लॉन्च किया है, जहां नागरिक वोट चोरी के खिलाफ सबूत साझा कर सकते हैं, चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग कर सकते हैं और कांग्रेस के डिजिटल मतदाता सूची की मांग का समर्थन कर सकते हैं।

इस क्रम में अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी 2023 विधानसभा चुनाव के नतीजों पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि जिस तरह से चुनाव परिणाम सामने आए, वह चौंकाने वाला था। उन्होंने मांग की है कि वोटर लिस्ट और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

“रक्षाबंधन” पर कांग्रेस-BJP के बीच सोशल मीडिया वार

रक्षाबंधन के मौके पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने ‘चोरी का बंधन’ बताते हुए BJP और चुनाव आयोग के गठजोड़ पर तंज कसते हुए एक पोस्ट शेयर की। इसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने तीखा पलटवार किया।

पंकज झा ने अपनी X पोस्ट में लिखा:

“अब कोई मामूली विषय या राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रह गयी है कांग्रेस। इसके सोश्यल मीडिया हैंडलर्स अब किसी भी आतंकी हैंडलर्स से अधिक खतरनाक होते जा रहे हैं।

किसी न किसी बहाने भारतीय त्यौहारों का उपहास करना, सनातन को नीचा दिखाना, कभी कैंसर तो एड्स आदि कहना इनकी सोची-समझी साजिश है।

अब एनआईए या अन्य सक्षम एजेंसियों को पड़ताल करना होगा कि आखिर कौन लोग हैं जो आज कांग्रेस का सोश्यल मीडिया चला रहे हैं।

केवल राजनीतिक आकांक्षा से तो ऐसे पोस्ट लगातार नहीं किए जा सकते। कुछ अलग खिचड़ी पक रही है।

देश को हर तरह से अस्थिर करने, बहुसंख्यक जनता को उकसा कर कुछ ‘बड़ा’ करने का षड्यंत्र है शायद।

ये चाह रहे हैं कि अत्यधिक सहिष्णु हिंदू अपनी सहिष्णुता छोड़ दें।

बहुत ही शातिर और खतरनाक लोग हैं ये, किसी भी आतंकी संगठन से अधिक खतरनाक। कोई राजनीतिक दल तो ऐसा बिल्कुल नहीं कर सकता।

ध्यान देना होगा अब।”

बहरहाल पंकज झा की यह टिप्पणी अब कांग्रेस बनाम भाजपा की सियासी लड़ाई को एक नए स्तर पर ले गई है, जिसमें सोशल मीडिया को नया अखाड़ा बनाया गया है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और भी गर्मा सकता है, खासकर जब कांग्रेस इसे राष्ट्रीय अभियान के रूप में आगे बढ़ा रही है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *