अचानकमार टाइगर रिजर्व में गूंजी बाघों की दहाड़! अब 18 की हुई बाघों की संख्या, शामिल हैं 8 शावक
बिलासपुर (छत्तीसगढ़):
अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) से खुशखबरी सामने आई है। यहां बाघों की कुल संख्या अब 18 तक पहुंच चुकी है, जिसमें 8 नन्हे शावक भी शामिल हैं। वन विभाग द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में यह जानकारी साझा की गई, जिससे वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है।
संरक्षण के प्रयास लाए रंग
प्रबंधन के अनुसार, बाघों की संख्या में यह इज़ाफा बेहतर प्रबंधन, बढ़ी सुरक्षा, और प्राकृतिक जलस्रोतों के विकास का परिणाम है। रिजर्व क्षेत्र में अब 500 से अधिक जल स्रोत मौजूद हैं, जिनमें सालभर पानी रहता है। इससे वन्यजीवों को प्राकृतिक आवास में रहने का अनुकूल वातावरण मिला है।
प्रौद्योगिकी बनी सहायक
अब टाइगर ट्रैकिंग में ट्रैप कैमरों का व्यापक उपयोग हो रहा है, जिससे बाघों की मूवमेंट, संख्या और स्वास्थ्य की निगरानी पहले से बेहतर हो गई है। कोटा में स्थापित GIS सेल द्वारा डाटा एनालिसिस कर नियमित रिपोर्ट भी तैयार की जाती है।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
वनमंत्री ने अफसरों की पीठ थपथपाते हुए निर्देश दिया कि बाघों के संरक्षण में कोई कसर न छोड़ी जाए। विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि यही रफ्तार रही, तो आने वाले समय में अचानकमार भी देश के प्रमुख टाइगर डेस्टिनेशनों में शुमार हो सकता है, जिससे स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2009 में ATR को टाइगर रिजर्व घोषित किया गया था। शुरूआती वर्षों में संख्या को लेकर संशय बना रहा, लेकिन अब तकनीकी साधनों की मदद से आंकड़े अधिक सटीक और पारदर्शी हो रहे हैं।