पटना, सात अक्टूबर दो हजार पच्चीस
बिहार विधानसभा चुनाव दो हजार पच्चीस से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। अब खबर आ रही है कि बिहार की मशहूर लोकगायिका मैथिली ठाकुर भी चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। उन्होंने खुद मीडिया के सामने इस बात के संकेत दिए हैं।
अपने गांव से ही करूंगी शुरुआत – मैथिली ठाकुर
हाल ही में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मैथिली ठाकुर ने कहा
अगर मौका मिलेगा तो मैं अपने गांव से ही शुरुआत करना चाहूंगी। वहां के लोगों से मेरा जुड़ाव है। लोगों से मिलना बात करना और सीखना ये सब मेरे लिए ज़रूरी है।
आपको बता दें कि मैथिली ठाकुर मधुबनी जिले के बेनीपट्टी की निवासी हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वे बेनीपट्टी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।
बीजेपी के टिकट पर लड़ने की अटकलें
मैथिली ठाकुर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और बीजेपी नेता विनोद तावड़े से मुलाकात की थी। बातचीत के दौरान बिहार के विकास और भविष्य को लेकर चर्चा हुई। हालांकि उन्होंने साफ किया कि अभी तक किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
फिलहाल बेनीपट्टी सीट से बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनोद नारायण झा विधायक हैं। अगर मैथिली ठाकुर को पार्टी से टिकट मिलता है तो यह सीट खासा चर्चित हो सकती है।
क्या राजनीति में कदम रखेंगी मैथिली
मैथिली ठाकुर ने कहा
देश के विकास में योगदान देना चाहती हूं। अगर राजनीति एक ज़रिया बन सकती है तो मैं पीछे नहीं हटूंगी।
अब देखना यह होगा कि क्या मैथिली ठाकुर वास्तव में चुनावी मैदान में उतरती हैं या नहीं। लेकिन उनके बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल जरूर मचा दी है।
