छत्तीसगढ़ PSC परीक्षा-2024: मेरिट लिस्ट जारी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई

छत्तीसगढ़ PSC परीक्षा-2024: मेरिट लिस्ट जारी, मुख्यमंत्री ने सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई

रायपुर, 22 नवंबर 2025।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम और मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी इस सूची में देवेश प्रसाद साहू ने कुल अंकों के आधार पर प्रथम स्थान हासिल किया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर देख सकते हैं।

इस परीक्षा के माध्यम से कुल 246 पदों पर भर्ती की जानी है। प्रीलिम्स के आधार पर 3,737 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया था। मुख्य परीक्षा 26 से 29 जून 2025 के बीच आयोजित की गई।

राज्य सेवा परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं की कठोर मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए चयनित अधिकारी प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी ने हमेशा उत्कृष्टता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। सफल अभ्यर्थियों ने यह सिद्ध किया है कि प्रदेश के युवा प्रशासनिक सेवाओं में सशक्त भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे सीखने की प्रक्रिया को जारी रखें और जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

राज्य सरकार ने भरोसा जताया है कि चयनित अधिकारी सामाजिक न्याय, ग्रामीण विकास, महिला-सशक्तिकरण, शिक्षा और गरीबी उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में प्रभावी योगदान देंगे। मुख्यमंत्री ने सभी सफल प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और आश्वस्त किया कि सरकार हर स्तर पर एक संवेदनशील, पारदर्शी और सक्षम प्रशासनिक प्रणाली स्थापित करने के लिए उनके साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *