CG Budget Session 2026-27:राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण के साथ छत्तीसगढ़ विधानसभा का सत्र शुरू, कल ओपी चौधरी पेश करेंगे बजट

CG Budget Session 2026-27: विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प, राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण; किसानों-महिलाओं पर फोकस

24 फरवरी को पेश होगा बजट, 20 मार्च तक चलेंगे 15 बैठकें; धर्म स्वातंत्र्य और लोक सुरक्षा विधेयक भी सूची में

CG Budget Session 2026-27: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका ने सदन को संबोधित किया और कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य दोहराया।

छत्तीसगढ़ की छठवीं विधानसभा के अष्टम सत्र में अभिभाषण पढ़ते हुए राज्यपाल ने राज्य स्थापना और विधानसभा की रजत जयंती पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से विधानसभा के नवीन भवन का लोकार्पण हुआ, जो लोकतंत्र का नया मंदिर है।

राज्यपाल ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था, आज वह सपना साकार होता दिख रहा है। प्रदेश की सरल और मेहनतकश जनता की बदौलत सरकार विकास की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने राज्यपाल का स्वागत किया।

राज्यपाल ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अंत्योदय है। प्रत्येक नीति इस सोच के साथ बनाई जा रही है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचे। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को समावेशी विकास का अहम आधार बताते हुए वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की।

किसानों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए राज्यपाल ने बताया कि इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से समर्थन मूल्य पर 141.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया और 33 हजार 431 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत होली से पहले 10 हजार 292 करोड़ रुपये किसानों को देने का निर्णय लिया गया है। साथ ही 24 लाख 72 हजार किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है।

भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के तहत 5 लाख से अधिक मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी 24 फरवरी को दोपहर 12.30 बजे वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। 26 और 27 फरवरी को आय-व्यय पर सामान्य चर्चा होगी, जबकि 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी। 18 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा और पारण होगा।

बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान कुल 15 बैठकें होंगी। राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर 25 फरवरी को चर्चा होगी।

विधायी कार्यों के अंतर्गत छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026 और छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक, 2026 की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।

सत्र के लिए कुल 2813 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 1437 तारांकित और 1376 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, 1 अविलंबनीय लोक महत्व विषय, 13 अशासकीय संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं और 112 याचिकाएं भी प्राप्त हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *