रायपुर, 21 मार्च 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के सफल समापन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर मंत्रीगण एवं विधायकगण ने मुख्यमंत्री से उनके कार्यालय में भेंट कर उन्हें बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के समन्वय और सहयोग से यह सत्र अत्यंत सार्थक एवं सफल रहा। उन्होंने विधानसभा को लोकतंत्र का पवित्र मंदिर बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाना ही इसका मूल दायित्व है।

उन्होंने जानकारी दी कि इस बजट सत्र के दौरान कुल 15 बैठकें आयोजित की गईं, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पारित किया गया तथा कई महत्वपूर्ण विधेयक भी सर्वसम्मति से पारित हुए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस सत्र के दौरान लगभग 585 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया, जो एक प्रेरणादायक पहल है। इससे यह संदेश गया है कि सरकार भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है, जो राज्य की शांति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है।

इस सत्र में पारित प्रमुख विधेयकों में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2026, छत्तीसगढ़ नगर एवं ग्राम निवेश (संशोधन) विधेयक-2026, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक-2026 शामिल हैं। इसके साथ ही भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने और छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल से संबंधित विधेयक भी पारित किए गए, जो युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में सदस्यों द्वारा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई, जो लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है।

उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की। साथ ही नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, सभी मंत्रियों, विधायकों, सचिवालय के अधिकारियों-कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

अंत में मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *