छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, रजत बंसल को CM सचिवालय में नई जिम्मेदारी, रवि मित्तल PMO भेजे गए
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाएं की हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रजत बंसल को मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें जनसंपर्क आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
जारी आदेश के अनुसार, रजत बंसल आगामी आदेश तक विशेष सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय के पद पर कार्य करेंगे। वे अपने मौजूदा दायित्वों के साथ-साथ आयुक्त, जनसंपर्क, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ‘संवाद’, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म और प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम (CMDC) की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इस तरह उनके पास कई अहम विभागों की कमान एक साथ होगी।
वहीं, 2016 बैच के आईएएस अधिकारी रवि मित्तल को भारत सरकार के आदेश पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), नई दिल्ली में उप सचिव पद पर प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। इसके लिए उन्हें 31 मार्च 2026 की अपराह्न से कार्यमुक्त किया जाएगा। उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि चार वर्ष या आगामी आदेश तक तय की गई है।
राज्य सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे मुख्यमंत्री सचिवालय और जनसंपर्क सहित कई प्रमुख विभागों की कार्यप्रणाली पर सीधा असर पड़ेगा।
