रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 4 सितंबर, शुक्रवार को शुष्क दिवस रहेगा। राज्य शासन ने इस दिन पूरे प्रदेश में सभी देशी-विदेशी मदिरा दुकानों के साथ बार, होटल-बार, क्लब, अहाता और मदिरा बेचने अथवा परोसने वाले सभी लाइसेंसी प्रतिष्ठानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से प्रदेशवासियों से जन्माष्टमी के पावन पर्व को श्रद्धा, सात्विकता और सामाजिक सद्भाव के वातावरण में मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 4 सितंबर को प्रदेश की सभी मदिरा दुकानें, बार, होटल-बार, क्लब सहित मदिरा विक्रय एवं परोसने वाले सभी लाइसेंसी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
शासन के आदेश के अनुसार शुष्क दिवस के दौरान भांग एवं भांगघोटा की फुटकर दुकानें भी बंद रहेंगी। इसके अलावा किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, क्लब अथवा अन्य प्रतिष्ठान या व्यक्ति को मदिरा बेचने या परोसने की अनुमति नहीं होगी। गैरमालिकाना क्लबों, रेस्टोरेंट और स्टार होटलों पर भी यह प्रतिबंध लागू रहेगा।
अवैध मदिरा पर रहेगी कड़ी निगरानी
शुष्क दिवस के दौरान अवैध मदिरा के परिवहन, संग्रहण और विक्रय को रोकने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिला कार्यालयों के साथ संभागीय और राज्य स्तरीय उड़नदस्तों को प्रभावी कार्रवाई के लिए तैनात किया जाएगा। जांच दल संभावित अवैध भंडारण स्थलों और संदिग्ध वाहनों की जांच करेंगे।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मदिरा जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शुष्क दिवस के दौरान व्यक्तिगत रूप से मदिरा के भंडारण और गैर-लाइसेंसी परिसरों में मदिरा रखने पर भी रोक रहेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से छत्तीसगढ़ में सुख, शांति और समृद्धि का विस्तार हो।
