2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण के साथ-साथ ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का निर्माण करना राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

सभी कार्यकर्ता ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को सफल बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएँ : सांसद बृजमोहन अग्रवाल

भाजपा की ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित; सीएम विष्णुदेव साय और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की शिरकत; सबने लिया विकसित भारत का संकल्प

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण के साथ-साथ ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का निर्माण करना राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य है, जिसके लिए विज़न डॉक्यूमेंट के अनुसार योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। श्री साय बुधवार 7 अक्टूबर को शासन प्रमुख के तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन-सेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राजधानी रायपुर के कृषि विश्वविद्यालय स्थित ‘कृषि मण्डपम्’ में रायपुर शहर एवं ग्रामीण जिला भाजपा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों तक बिना एक दिन की छुट्टी लिए और बिना विश्राम किए 140 करोड़ देशवासियों की सेवा की है। वे स्वयं को प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं। श्री साय ने बताया कि 17 सितंबर (प्रधानमंत्री के जन्मदिन) से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे छत्तीसगढ़ में लगभग डेढ़ करोड़ ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर श्री मोदी की दीर्घायु की कामना की गई। सिंगापुर दौरा और वैश्विक विश्वास के परिप्रेक्ष्य में मुख्यमंत्री श्री साय ने अपनी चार दिवसीय सिंगापुर यात्रा की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के कारण आज विदेशों में भारत का सम्मान अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है। सिंगापुर के उद्योगपति और बिज़नेस फेडरेशन भारत और छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं। श्री साय ने अंग्रेजी वाक्य “वी विल डू इट” का घोष कराते हुए एकजुटता और टीम भावना पर जोर दिया और आह्वान किया कि हम सबको मिलकर कार्य करना होगा और भारत को पुनः विश्वगुरु के पद पर आसीन कराना होगा।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन-सेवा और राष्ट्र-सेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी तथा पूरे देश में निकल रही ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के महत्व को रेखांकित किया। सांसद श्री अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वागत करते हुए उनकी सिंगापुर यात्रा की सफलता का विशेष उल्लेख किया और बताया कि मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर यात्रा के जरिए छत्तीसगढ़ में लगभग 50,000 रुपये करोड़ का निवेश लाने का सफल प्रयास किया है। श्री अग्रवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को सफल बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने करवाया ‘विकसित भारत संकल्प’ का वाचन

अपने सम्बोधन से पूर्व मुख्यमंत्री श्री साय ने मंच और सभागार में उपस्थित सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं व नागरिकों को दाहिना हाथ आगे करवाकर ‘विकसित भारत का संकल्प’ दिलवाया : “मैं भारत का एक नागरिक, विकसित भारत के निर्माण हेतु अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प को समर्पित करने की प्रतिज्ञा करता हूँ। मैं बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का संकल्प लेता हूँ। मैं ज्ञान, नवाचार, प्रौद्योगिकी और रचनात्मकता की शक्ति से चुनौतियों को अवसर में बदलने का प्रयास करूंगा। मैं सत्यनिष्ठा, जिम्मेदारी और सेवा के मूल्यों का पालन करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान दूंगा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाने हेतु अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दूंगा। हम संकल्प से सिद्धि की यात्रा को सफल बनाएंगे और एक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित भारत का निर्माण करेंगे।”

‘सेवा ज्योति यात्रा’ का शुभारम्भ

सभा और संकल्प के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मशाल प्रज्जवलित कर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यात्रा में पदयात्रियों के साथ-साथ युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सुव्यवस्थित क्रम में बाइक रैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का संचालन रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने किया कार्यक्रम में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम प्रदेश संयोजक यशवंत जैन, प्रदेश महामंत्री द्वय अखिलेश सोनी, डॉ नवीन मार्कंडेय, विधायक सुनील सोनी, पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, रायपुर शहर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेन्द्र पाटनी, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed