रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। चौक के मौजूदा स्वरूप में भी किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की योजना है। तेलीबांधा चौक भी इन स्थानों में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका मतलब चौक का नाम बदलना नहीं है। तेलीबांधा चौक का नाम पहले की तरह ही रहेगा और इसे केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इस अवसर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत दुर्ग में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी होगी
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी महिलाओं को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं।
इसके साथ ही दुर्ग जिले को कई विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात भी मिलने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
