प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज यह देखकर खुशी होती है कि नक्सलवाद की जड़ें खत्म करते हुए हमारा यह राज्य विकास के पथ पर और तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। साथ ही, उन्होंने कामना की कि यह विशेष अवसर छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों के लिए कल्याणकारी हो।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं। यह प्रदेश अपनी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और अनूठी लोक परंपराओं के लिए प्रख्यात है। राज्य की पुरातात्विक धरोहरें इसकी विशेष पहचान रही हैं। यहां की लोक-संस्कृति से परिपूर्ण परिवेश में एक अद्भुत अपनापन है, जो हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है।”

उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “आज यह देखकर खुशी होती है कि नक्सलवाद की जड़ें खत्म करते हुए हमारा यह राज्य विकास के पथ पर और तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मुझे विश्वास है कि मेरे प्रतिभाशाली और परिश्रमी परिवारजनों की भागीदारी से यह प्रदेश राष्ट्र की समृद्धि में बढ़-चढ़कर योगदान देता रहेगा। यह विशेष अवसर छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों के लिए कल्याणकारी हो, यही कामना है।”

छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रदेश के सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पोस्ट किया, “प्रकृति की समृद्धि, जनजातीय विरासत और विविध लोक संस्कृति से समृद्ध छत्तीसगढ़ की अपनी विशिष्ट पहचान है। यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली लोगों ने राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।” उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “कामना है कि छत्तीसगढ़ विकास, समृद्धि व जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करे और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।”

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने लिखा, “अतुल्य प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध लोक-संस्कृति और अपार संभावनाओं की धरती छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, अनूठी कला और गौरवशाली विरासत देश की अमूल्य धरोहर हैं। मां दंतेश्वरी से प्रार्थना है कि यह प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए विकास, शांति और समृद्धि के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे।”

वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की यात्रा करोड़ों प्रदेशवासियों के सपनों, संघर्षों और संकल्पों की गौरवशाली गाथा है। आज हमारा प्रदेश शांति, सुशासन और विकास के नए अध्याय लिख रहा है। छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से हमारा प्रदेश समृद्धि, आत्मनिर्भरता और विकसित भविष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहे। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *