छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: अमित शाह ने 36 विभूतियों को राज्य अलंकरण से किया सम्मानित, पत्रकारिता से खेल और साहित्य तक प्रतिभाओं का सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 36 विभूतियों एवं संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान प्रदान किए। नवा रायपुर में आयोजित समारोह में साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता और जनजातीय उत्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।

राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस समारोह में अमित शाह ने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं और सांस्कृतिक विरासत प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्व समाज को प्रेरणा देने के साथ प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान कर रहे हैं।

पत्रकारिता, साहित्य और कला के क्षेत्र में भी सम्मान

राज्य अलंकरण समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को प्रदान किया गया। हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए यही पुरस्कार बरुण सखाजी और रसिका पांडेय को संयुक्त रूप से दिया गया।

हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को मिला। समकालीन रंगकर्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हबीब तनवीर सम्मान डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को प्रदान किया गया। शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को चक्रधर सम्मान से नवाजा गया। लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के क्षेत्र में श्रीमती रेखा जलक्षत्री को दाऊ मंदराजी सम्मान प्रदान किया गया।

खेल, कृषि और सामाजिक क्षेत्र की प्रतिभाओं का सम्मान

खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोरबा की संजू देवी को गुण्डाधूर सम्मान प्रदान किया गया। तीरंदाजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बालोद के टोमन कुमार को महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान मिला।

कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कबीरधाम के पुन्नीदास भट्ट को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को महाराजा अग्रसेन सम्मान प्रदान किया गया।

आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के क्षेत्र में योगदान के लिए धमतरी के डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान दिया गया। महिला उत्थान एवं जनजागृति के क्षेत्र में कार्य के लिए गरियाबंद के लोक आस्था सेवा संस्थान (लता नेताम) को मिनीमाता सम्मान मिला।

सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के क्षेत्र में योगदान के लिए कबीरधाम के सुखचंद भास्कर को गुरु घासीदास सम्मान प्रदान किया गया। सहकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बस्तर की प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट (धनसिंह बघेल) को ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

अहिंसा एवं गोरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए दुर्ग जिले के विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी को यति यतनलाल सम्मान प्रदान किया गया। सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक क्षेत्र में योगदान के लिए बिलासपुर के तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान, नेहरू नगर को पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान दिया गया।

नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की नई यात्रा पर छत्तीसगढ़ : अमित शाह

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद के भय और हिंसा से निकलकर शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संवारने का काम किया है।

अमित शाह ने कहा कि एक समय छत्तीसगढ़ के बारे में कहा जाता था कि यहां की धरती अमीर है, लेकिन लोग गरीब हैं। आने वाले दस वर्षों में छत्तीसगढ़ की धरती के साथ यहां के लोग भी समृद्ध और खुशहाल होंगे। उन्होंने नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में सुरक्षा बलों के साहस और बस्तर की जनता के सहयोग की सराहना की।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के अवरोध दूर होने से प्रदेश में पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार की नई संभावनाएं विकसित होंगी। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान तथा बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।

महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी

राज्योत्सव समारोह के दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के बैंक खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि अंतरित की गई।

इसमें ई-केवाईसी पूर्ण करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिलाओं के साथ नियद नेल्लानार कैंप क्षेत्रों की 6,908 महिला हितग्राही भी शामिल हैं। योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

नवा रायपुर बनेगा पीपल सिटी

अमित शाह ने नवा रायपुर को पीपल सिटी के रूप में विकसित करने की पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विकसित भारत संकल्प पार्क में लगभग 2,500 पीपल के पौधे लगाए गए हैं। नवा रायपुर में पांच लाख पीपल के पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक अभियान से बस्तर में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, संचार, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार विजन डॉक्यूमेंट के साथ आगे बढ़ रही है।

समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed