135 साल बाद निकली बस्तर राजमहल से कमलचंद्र भंजदेव की बारात, निभाई गई बिंदौली की रस्म

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में 135 वर्षों के बाद बस्तर राजमहल से बुधवार की शाम राजपरिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव की बरात निकाली गई। कमलचंद्र भंजदेव हाथी पर सवार होकर बरात में शामिल हुए, जबकि आगे-आगे ऊंट और घोड़े के साथ लाव-लश्कर चल रहा था। बरात के आगे बस्तर के विभिन्न जनजातियों के लोकनर्तक नृत्य करते हुए बढ़ रहे थे, जिसके बाद विशाल ढोल-नगाड़े और वाद्य यंत्रों से सुसज्जित काफिला था। इस ऐतिहासिक अवसर पर देशभर से कई राजघरानों के सदस्य भी बरात में शामिल हुए।

1890 में निकली थी राजा रुद्रप्रतापदेव की बारात
राजमहल से होते हुए संजय बाजार, चांदनी चौक, स्टेट बैंक चौक होते हुए बरात वापस राजमहल पहुंची, जहां पूरा शहर इस खास मौके का साक्षी बना। लोग उत्साहित थे और इस पल को अपने कैमरे में कैद कर रहे थे। बस्तर राजघराने में 1890 में राजा रुद्रप्रतापदेव की बरात निकाली गई थी, जिसके बाद राजमहल से कभी भी किसी की बरात नहीं निकली।

महारानी प्रफुल्ल कुमारी देवी का विवाह 1923 में राजमहल में हुआ था, इसके बाद महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव का विवाह दिल्ली में और उनके दोनों बेटे विजयचंद्र व भरतचंद्र का विवाह गुजरात में हुआ था।

बिंदौली रस्म निभाई गई
राजघराने के दीवान परिवार के सदस्य ठाकुर अजय सिंह बैस ने बताया कि बुधवार को राज परंपरा के अनुसार बिंदौली की रस्म निभाई गई, और राजा लाव-लश्कर के साथ बरात लेकर निकले। बुधवार रात वर कमलचंद्र भंजदेव अलग कमरे में रहे, और अब रानी को लेकर वे घर वापस आएंगे।

आज, चार्टर्ड प्लेन से बरात मध्य प्रदेश के खजुराहो एयरपोर्ट जाएगी, जहां से सड़क मार्ग से सतना जिले के नागौद के लिए बरात निकाली जाएगी।

राजमहल की अतिथि बनीं मां दंतेश्वरी
मां दंतेश्वरी का छत्र और छड़ी प्रतिवर्ष बस्तर दशहरा के दौरान दंतेवाड़ा से जगदलपुर आती है, लेकिन 135 वर्षों में यह पहली बार है जब मां दंतेश्वरी अतिथि बनकर राजमहल पहुंची हैं। महल के सामने राजदरबार में, जहां बस्तर राजा प्रवीरचंद्र भंजदेव दरबार लगाते थे, सिंहासन पर मां दंतेश्वरी को विराजमान किया गया। गुरुवार को बरात के साथ मां दंतेश्वरी मध्य प्रदेश के नागौद किले जाएंगी।

रात में सूफी संगीत का आयोजन
बस्तर राजपरिवार में हो रहे विवाह समारोह में देशभर से राजघराने के लोग पहुंचने लगे हैं। अतिथियों के मनोरंजन के लिए प्रतिदिन राजमहल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार रात बैंगलूरु की प्रसिद्ध सूफी कलाकार खनक जोशी ने प्रस्तुति दी, जिसे अतिथियों ने देर रात तक आनंद लिया।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *