CG: हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट में अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल, 27 मई को RTO कार्यालय का घेराव करेंगे कन्हैया अग्रवाल

27 मई को RTO कार्यालय का घेराव करेंगे कन्हैया अग्रवाल, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट में अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल
व्यवस्था में सुधार और नागरिकों की परेशानी दूर करने की मांग

रायपुर।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) लगाने के मामले में रायपुर सहित पूरे प्रदेश के लाखों वाहन मालिकों को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए आगामी 27 मई, मंगलवार को सुबह 11 बजे रायपुर के RTO कार्यालय, रावाभाठा-भानपुरी का घेराव करने की घोषणा की है।

कन्हैया अग्रवाल ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि प्रदेश में करीब 40 लाख वाहनों की नंबर प्लेट बदले जाने हैं, जिनमें अकेले रायपुर जिले में 10 लाख वाहनों की नंबर प्लेट बदली जानी है। लेकिन मौजूदा व्यवस्था में भारी अनियमितता और अव्यवस्था के चलते अब तक केवल 10 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है। ऐसे में वाहन मालिकों को न केवल परेशानी झेलनी पड़ रही है, बल्कि ट्रैफिक पुलिस की ओर से चालान की कार्रवाई का डर भी बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि रायपुर में कुछ ही स्थानों पर नंबर प्लेट लगाने का कार्य चल रहा है, जहां तैनात कर्मचारी वाहन मालिकों से दुव्यवहार कर रहे हैं और नंबर प्लेट के साथ कवर की अवैध बिक्री के लिए दबाव बना रहे हैं। इससे आम नागरिकों को लगातार केंटो के चक्कर काटने और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें:

  • नंबर प्लेट लगाने वाले केंद्रों में शासकीय कर्मचारियों की अनिवार्य तैनाती
  • केंद्रों पर कवर की बिक्री पर पूर्ण रोक
  • निर्धारित तिथि पर नंबर प्लेट उपलब्ध कराना।
  • वाहन मालिकों के साथ अपमानजनक व्यवहार पर कार्रवाई
  • नंबर प्लेट न लगने तक चालान की कार्रवाई पर रोक

कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने कैबिनेट बैठक के बाद घोषणा की थी कि हर वार्ड और ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर शुल्क जमा कर नंबर प्लेट लगाई जाएगी, लेकिन यह घोषणा अब तक केवल कागजों तक सीमित है और इसे अमल में नहीं लाया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घेराव केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि जनता के हक की आवाज है। इस अभियान के माध्यम से RTO के माध्यम से मुख्यमंत्री, जो स्वयं परिवहन मंत्री भी हैं, को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की जाएगी।

अंत में उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सभी पीड़ित वाहन मालिकों से 27 मई को RTO कार्यालय पहुंचकर इस जनघेराव में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *