Chhattisgarh | 7 died due to poisonous liquor in Bilaspur, condition of 4 critical, Congress formed investigation committee

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के कोनी थाना क्षेत्र के लोफंदी गांव में जहरीली महुआ शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सभी घायलों को सिम्स (बिलासपुर) में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

कांग्रेस ने बनाई 6 सदस्यीय जांच समिति

घटना के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने 6 सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जो मौके पर जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेगी और अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इस समिति में शामिल नेताओं के नाम इस प्रकार हैं –

🔹 मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया
🔹 कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव
🔹 डीसीसी ग्रामीण विजय केशरवानी
🔹 बिल्हा के पूर्व विधायक सियाराम कौशिक
🔹 तखतपुर की पूर्व विधायक रश्मि सिंह
🔹 बेलतरा के पूर्व विधायक प्रत्याशी राजेंद्र डब्बू साहू

पार्टी ने इस समिति को जल्द से जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने जताई अन्य कारणों से मौत की आशंका

इस घटना पर प्रशासन की ओर से अलग दावा किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि पिछले 2-3 दिनों में 4 से 5 लोगों की मौत हुई थी, जिनका अंतिम संस्कार भी किया जा चुका है। शुक्रवार को गांव के सरपंच के भाई की मौत के बाद प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

अधिकारियों के अनुसार, 5 फरवरी को गांव में एक शादी समारोह आयोजित हुआ था, जिसमें मृतकों ने भोजन किया था। इसके अलावा, कुछ मृतकों ने तालाब से मछली पकड़कर खाई थी। प्रशासन ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट होगा।

मृतकों की सूची

➡ देव कुमार पटेल
➡ शत्रुहन देवांगन
➡ कन्हैया पटेल
➡ कोमल लहरे
➡ बलदेव पटेल
➡ कोमल देवांगन उर्फ नानू
➡ रामू सुनहले

ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

गांव में इस घटना को लेकर नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में अवैध महुआ शराब की बिक्री पर प्रशासन का कोई नियंत्रण नहीं है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो इतनी बड़ी त्रासदी टल सकती थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा

अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि मौतें जहरीली शराब से हुई हैं या फिर इसके पीछे कोई और कारण है। कांग्रेस की जांच समिति भी अपनी रिपोर्ट तैयार करने में जुटी है। वहीं, प्रशासन ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

 

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *