Chhattisgarh | Investigation of VIP road accident exposes high-profile sex racket, many including Uzbek girl arrested

रायपुर। राजधानी के वीआईपी रोड पर 5 फरवरी की रात हुए सड़क हादसे की जांच में एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने तेलंगाना और त्रिपुरा की दो युवतियों समेत गिरोह के डीलर और लॉजिस्टिक सपोर्ट करने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, विदेशी युवती सत्तारोवा नादिराखोन 30 जनवरी को उज्बेकिस्तान से भारत आई थी और 31 जनवरी को रायपुर पहुंची। वीआईपी रोड पर हुई दुर्घटना के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की तो इस रैकेट की परतें खुलने लगीं। पुलिस ने युवती और वकील भावेश आचार्य को रिमांड पर लिया, जिसके बाद कई अहम जानकारियां सामने आईं।

ग्राहकों की डायरी बरामद, अन्य शहरों तक फैला हो सकता है नेटवर्क –

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस गिरोह से जुड़े ग्राहकों की एक डायरी मिली है, जिसमें रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर के नाम शामिल हैं। आशंका है कि यह रैकेट बड़े स्तर पर संचालित हो रहा था, जिसमें अन्य शहरों के भी ग्राहक शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने सरस्वती नगर और तेलीबांधा थाने में पीटा एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं और आगे की जांच जारी है।

वीआईपी रोड हादसे में घायल युवक की मौत –

उल्लेखनीय है कि 5 फरवरी को वीआईपी रोड पर हुए हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से अरुण विश्वकर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि ललित चंदेल की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। नीलकमल साहू की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

राजधानी में अवैध पार्टियों का अड्डा बने होटल और फार्महाउस –

राजधानी सहित प्रदेश के बड़े शहरों और कस्बों में पार्टी के नाम पर नशाखोरी और अवैध गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। विभिन्न नामों से बर्थडे पार्टी, फ्रेशर पार्टी, न्यू कमर पार्टी, गेट-टु-गेदर आदि आयोजनों के लिए आबकारी विभाग से अनुमति ली जाती है। हालांकि, वास्तविकता यह है कि इन पार्टियों में भीड़ 500 से 1000 तक होती है और शराब के अलावा चरस, अफीम, गांजा, कोकीन जैसी नशीली चीजें खुलेआम परोसी जाती हैं।

होटलों में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ –

रायपुर ही नहीं, बल्कि कोरबा में भी होटल और स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का खुलासा हुआ है। पुलिस ने राज होटल और सनराइज स्पा सेंटर में छापा मारकर सात महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया। यहां सिक्किम, पश्चिम बंगाल और रायपुर की युवतियों को जबरन इस धंधे में धकेला जा रहा था।

बार डांसर्स से करवाया जा रहा जबरन काम –

बड़े होटलों और फार्महाउसों में मुंबई और अन्य राज्यों से बार डांसर्स को बुलाकर उनसे जबरन रातभर नाचने का काम करवाया जाता है। एक भुक्तभोगी बार डांसर ने बताया कि आयोजक पूरा भुगतान मिलने तक उन्हें होटल में रोककर रखते हैं और उनके नाम पर भारी रकम ऐंठते हैं।

नशे के सौदागरों का स्वर्ग बन रहा रायपुर –

रायपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी होटलों और ढाबों के जरिए तेजी से बढ़ रही है। टेक्नो पार्टी, बर्थडे पार्टी जैसे आयोजनों की आड़ में शराब और नशे का सामान बेचा जाता है। आबकारी विभाग से सिर्फ 2 घंटे के शराब परोसने की अनुमति ली जाती है, लेकिन पूरी रात पार्टी चलती है और अवैध कारोबार किया जाता है।

शासन-प्रशासन की लापरवाही के कारण रायपुर, भिलाई, दुर्ग और अन्य बड़े शहरों में यह गिरोह तेजी से फैल रहा है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे सेक्स रैकेट का खुलासा किया जाएगा।

 

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *