रायपुर। छत्तीसगढ़ की नौकरशाही में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 1994 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विकासशील के नाम की चर्चा जोरों पर है। माना जा रहा है कि वे छत्तीसगढ़ के अगले मुख्य सचिव (Chief Secretary) बन सकते हैं। मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन के कार्यकाल की संविदा अवधि अब समाप्ति की ओर है, ऐसे में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही है।


केंद्रीय सेवा से लौटे विकासशील


विकासशील लंबे समय से केंद्र सरकार के अधीन प्रतिनियुक्ति पर थे। हाल ही में 12 सितंबर को डीओपीटी (DOPT) ने उन्हें छत्तीसगढ़ वापस बुलाने का आदेश जारी किया, जिसके 24 घंटे के भीतर ही उन्हें एशियाई विकास बैंक (ADB), मनीला से औपचारिक रूप से कार्यमुक्त कर दिया गया। वे वहां कार्यकारी निदेशक के सलाहकार पद पर कार्यरत थे। अगले ही दिन उनके सम्मान में विदाई समारोह भी आयोजित किया गया, जिससे यह संकेत और मजबूत हो गया कि वे अब छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक कमान संभालने जा रहे हैं।


अनुभव और कार्यशैली ने दिलाया भरोसा


छत्तीसगढ़ के सचिवालय से लेकर केंद्र सरकार तक, विकासशील ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। कोरिया, बिलासपुर और रायपुर में बतौर कलेक्टर कार्य कर चुके विकासशील को एक कर्मठ और सख्त प्रशासक के रूप में जाना जाता है। स्कूली शिक्षा, खाद्य, स्वास्थ्य और सामान्य प्रशासन जैसे विभागों में उन्होंने उल्लेखनीय काम किया। दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और जल शक्ति मंत्रालय में जल जीवन मिशन के निदेशक के रूप में उनकी भूमिका प्रशंसनीय रही है। महामारी के समय उनकी कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई थी।


वरिष्ठ अधिकारी नहीं कर रहे इंकार


सूत्रों की मानें तो विकासशील की वापसी के बाद उनकी मुख्य सचिव के रूप में नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा जल्द हो सकती है। वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासनिक हलकों में इस पर सहमति दिखाई दे रही है। उनकी पत्नी निधि छिब्बर, जो कि 1994 बैच की ही IAS अधिकारी हैं, वे भी वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं और छत्तीसगढ़ में सेवाएं दे चुकी हैं।


अन्य दावेदार पीछे छूटे


मुख्य सचिव पद की दौड़ में पहले रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल, ऋचा शर्मा और मनोज कुमार पिंगुआ जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के नाम चर्चा में थे। लेकिन अमिताभ जैन को तीन महीने की संविदा देने के बाद से इन नामों पर चर्चा ठंडी पड़ गई थी। अब विकासशील का नाम सामने आते ही पूरी तस्वीर बदल गई है।


संभावना जताई जा रही है कि विकासशील अगले एक सप्ताह में रायपुर पहुंच सकते हैं और इसके तुरंत बाद उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया जा सकता है।


छत्तीसगढ़ को जल्द ही मिल सकता है एक नया और अनुभवी मुख्य सचिव, जिनके नेतृत्व में प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा और दिशा देखने को मिल सकती है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *