CG Sharab Ghotala: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अफसरों ने छापा मारा है। ईडी के अधिकारियों ने सुकमा जिले के राजीव भवन के निर्माण से संबंधित जानकारी चाही है। इस बारे में कांग्रेस पार्टी के प्रभारी महामंत्री मलकित सिंह गेंदू ने बताया कि अधिकारियों ने समन जारी किया है और 27 फरवरी तक जवाब मांगा है। पार्टी के पास सभी दस्तावेज उपलब्ध हैं।
इस कार्रवाई पर भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा, “कानून अपना काम कर रहा है और ईडी को जरूरी जानकारी मिली होगी। पूर्व सरकार ने छत्तीसगढ़ को लूटने का काम किया है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”
इससे पहले, कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री कवासी लखमा से इस घोटाले को लेकर पूछताछ की जा चुकी है। ईडी का आरोप है कि लखमा शराब घोटाले का मुख्य कड़ी रहे हैं। शराब घोटाले की शुरुआत एफएल-10 लाइसेंस के जरिए हुई, जिसमें लखमा को हर महीने 2 करोड़ रुपए मिलते थे। 36 महीनों में उन्हें कुल 72 करोड़ रुपए मिले थे। ईडी के अनुसार यह घोटाला करीब 2,100 करोड़ रुपए का है। ईडी का कहना है कि इस घोटाले में चार डिस्टलरियों समेत आठ कंपनियां आरोपी हैं।
कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को दबाव बनाने की प्रयास बताया है। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरण दास महंत ने कहा कि ईडी का यह कदम कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाने के लिए उठाया गया है।
