रायगढ़ नगर निगम चुनाव के परिणाम आ गए हैं और चाय बेचने वाले जीवर्धन चौहान को जनता ने मेयर चुना है। भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह रायगढ़ में भाजपा की जीत और जीवर्धन चौहान की व्यक्तिगत जीत है। भाजपा को कई स्थानों पर सफलता मिली है।

भाजपा ने जनवरी में जीवर्धन चौहान को मेयर पद के लिए आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया था। चौहान, जो 1996 से भाजपा के सदस्य हैं और तीन दशकों से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहे हैं, ने अपनी जीत पर खुशी जताई। चौहान का कहना है, “जब मुझे यह पता चला कि एक चाय बेचने वाले को रायगढ़ का मेयर उम्मीदवार बनाया गया है, तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ। मैं संघ, भाजपा और विधायक ओपी चौधरी का आभारी हूं, जिन्होंने मुझे यह मौका दिया।”
चौहान का जन्म 6 जनवरी 1979 को हुआ था। वे स्वर्गीय किशोरीलाल चौहान के बेटे हैं और शुरूआत चाय और पान बेचने से की थी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़कर समाज सेवा के मूल्यों को आत्मसात करने वाले चौहान ने भाजपा में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे भाजपा में शामिल होने के बाद 1998 में वार्ड अध्यक्ष बने और बाद में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भा.जा.यु.मो.) में भी कई अहम पदों पर कार्यरत रहे।
2005 में उन्हें नगर मंत्री बनाया गया और फिर 2008 में भाजयुमो के नगर महामंत्री और 2011 में नगर अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। जूट मिल क्षेत्र में भाजपा की जड़ें मजबूत करने में चौहान का अहम योगदान रहा। वे 2019 से 2024 तक लोकसभा, विधानसभा और नगर निगम चुनावों में शक्ति केंद्र कॉर्डिनेटर के रूप में सक्रिय रहे।