छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून की दस्तक, अगले एक सप्ताह तक राहत देगी बारिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। इससे न केवल भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि किसानों को भी फायदा होगा।
25 मई को तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने 25 मई को कई जिलों में तेज हवाएं चलने, वज्रपात होने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। अगले दो दिनों में यह गतिविधि और तेज हो सकती है। विभाग ने पूरे सप्ताह तक बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की बात कही है।
रायपुर में बदला मौसम, दिन-रात के तापमान में गिरावट
राजधानी रायपुर में आसमान बादलों से ढका रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। दिन का तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शनिवार सुबह से ही शहर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है और ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है।
छत्तीसगढ़ में 5 जून से पहले पहुंचेगा मानसून
देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 24 मई को केरल में दस्तक दे दी है, जो 2009 के बाद सबसे जल्दी आगमन है। आमतौर पर यह एक जून को केरल पहुंचता है। छत्तीसगढ़ में इसके 5 जून से पहले पहुंचने की संभावना है। इससे किसानों और मौसम पर निर्भर लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यलो अलर्ट जारी, बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा समेत 11 जिलों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
बारिश ने गिराया तापमान, गर्मी से मिली राहत
पिछले तीन दिनों की बारिश ने राज्य के कई हिस्सों में तापमान को सामान्य से काफी नीचे ला दिया है। रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम दर्ज हुआ है। बिलासपुर में 8 डिग्री, दुर्ग में 11.2 डिग्री, अंबिकापुर में 7.3 डिग्री और जगदलपुर में 5 डिग्री तक तापमान में गिरावट आई है।
यहां हुई बारिश (पिछले 24 घंटे में)
- 30 मिमी बारिश: अंबिकापुर, मोहला, देवभोग
- 20 मिमी बारिश: खरगांव, बेलरगांव, मारी बंगला देवरी, गरियाबंद
- 10 मिमी बारिश: भानुप्रतापपुर, कुकरेल, मैनपुर, लटोरी, कोटाडोल
इन जिलों में बारिश की संभावना:
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, मोहला–मानुपर, राजनांदगांव, खैरागढ़, कबीरधाम, बेमेतरा, दुर्ग, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, शक्ति, रायगढ़, सारंगढ़, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर–चांपा, बलौदाबाजार, गौरेला, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर
यह भी पढ़ें विजय शाह BJP की मजबूरी? मध्यप्रदेश की राजनीति में आदिवासी नेतृत्व का संकट गहराया
इन 7 जिलों में भी बारिश के चांस:
कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बस्तर, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर
