रायपुर शहर में अवैध प्लाटिंग करने वालों पर कसेगा शिकंजा, पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने जारी किए निर्देश
मूणत ने नगर निगम अधिकारियों की ली बैठक, डंगनिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का किया निरीक्षण
रायपुर, 25 मार्च 2025 – रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने आज मंगलवार को डंगनिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में कई सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए और शाला की सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता जताई।
निरीक्षण के दौरान मूणत ने पाया कि शाला परिसर से लगे क्षेत्र में किसी निजी व्यक्ति द्वारा निगम द्वारा प्रदत्त सामग्री का उपयोग कर जिम संचालित किया जा रहा था और शुल्क भी वसूला जा रहा था। इस पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई और संबंधित जोन अधिकारी को निर्देशित किया कि निजी व्यक्ति द्वारा संचालित यह जिम तुरंत बंद किया जाए और इसे निगम द्वारा संचालित किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने जिम में प्रवेश निशुल्क रखने का भी निर्देश दिया।
मूणत ने विद्यालय परिसर में रिक्त स्थान का उपयोग करते हुए ओपन जिम स्थापित करने के भी निर्देश दिए, ताकि छात्रों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिल सकें। साथ ही, उन्होंने स्कूल में पहले से निर्मित भवन के प्लास्टर कार्य, मरम्मत और नवीनीकरण के लिए भी निर्देश दिए।
विधायक मूणत ने स्कूल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा में पूरा हो। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर को पूरी तरह से सुव्यवस्थित और साफ रखा जाना चाहिए, ताकि बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने की बात कही कि शाला परिसर में वॉशरूम्स और अन्य सुविधाएं नियमित रूप से साफ की जाएं और बच्चों को स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था मिले।
शाला प्राचार्य ने ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि विद्यालय परिसर में रात्रि में असामाजिक तत्वों के प्रवेश की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर मूणत ने संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल निर्देशित किया और कहा कि विद्यालय परिसर में नियमित रूप से गस्त की कार्यवाही की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
राजेश मूणत का बयान:
“हमारी प्राथमिकता बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विद्यालय परिसर में कोई भी अव्यवस्था स्वीकार्य नहीं है। मैंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे शाला के सभी कार्यों को शीघ्र और गुणवत्तापूर्वक पूरा करें, ताकि बच्चों को एक सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।”
राजेश मूणत, विधायक रायपुर पश्चिम
रायपुर नगर निगम के अफसरों की बैठक, अवैध प्लाटिंग के खिलाफ एक्शन लेने दिए निर्देश
इससे पूर्व सोमवार को श्री राजेश मूणत ने नगर निगम रायपुर के नगर निवेश विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर शहर को व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण और सड़कों पर कब्जों को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। श्री मूणत ने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा करते हुए संबंधित जोन कमिश्नरों को लगातार अभियान चलाने और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आवासीय क्षेत्रों में व्यवसायिक निर्माण और अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
इस बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप, अपर आयुक्त श्री यू. एस. अग्रवाल, उपायुक्त डॉक्टर अंजलि शर्मा, डॉक्टर दिव्या चंद्रवंशी, नगर निवेशक श्री आभाष मिश्रा सहित नगर निगम के कई अधिकारी और जोन कमिश्नरगण भी उपस्थित थे। श्री मूणत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सतत मॉनिटरिंग करें और अवैध निर्माण, प्लाटिंग और कब्जों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करें।
राजेश मूणत का बयान
“हमारे प्रयास से रायपुर शहर को अव्यवस्थित निर्माण और अवैध गतिविधियों से मुक्त करना हमारा मुख्य उद्देश्य है। यह कार्रवाई हमारी जिम्मेदारी है, ताकि रायपुर को सुरक्षित और संरचित शहर बनाया जा सके। मैं नगर निगम के अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि वे समयबद्ध तरीके से इन समस्याओं को हल करें।”
राजेश मूणत, विधायक रायपुर पश्चिम
