छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था रफ्तार पर: 2025-26 में 8.11% वृद्धि दर का अनुमान, प्रति व्यक्ति आय ₹1.79 लाख पार
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विधानसभा में पेश की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट, कृषि–उद्योग–सेवा तीनों क्षेत्रों में मजबूत बढ़त का दावा
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत के साथ ही राज्य सरकार ने आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 की रिपोर्ट सदन में पेश की। वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में राज्य की अर्थव्यवस्था के मजबूत और संतुलित विकास का अनुमान जताया गया है। वित्त वर्ष 2025-26 में स्थिर मूल्य पर सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) में 8.11 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है।
आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक, वर्ष 2024-25 में 3,31,402 करोड़ रुपये रहे सकल राज्य घरेलू उत्पाद (बाजार मूल्य) के 2025-26 में बढ़कर 3,58,293 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। यह 8.11 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
कृषि और संबद्ध क्षेत्र में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला है। वर्ष 2024-25 में 53,928 करोड़ रुपये रहे कृषि क्षेत्र के उत्पादन के 2025-26 में बढ़कर 57,969 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो 7.49 प्रतिशत की वृद्धि है।
उद्योग क्षेत्र में भी मजबूती के संकेत मिले हैं। वर्ष 2024-25 में 1,49,678 करोड़ रुपये के स्तर से बढ़कर 2025-26 में 1,60,473 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो 7.21 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। वहीं सेवा क्षेत्र में सबसे अधिक 9.11 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। यह क्षेत्र 98,147 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,07,088 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
स्थिर मूल्य पर सकल राज्य घरेलू उत्पाद के 2024-25 के 5,65,845 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 6,31,291 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो 11.57 प्रतिशत की वृद्धि है।
राज्य की प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ने का अनुमान है। वर्ष 2024-25 में 1,62,848 रुपये रही प्रति व्यक्ति आय 2025-26 में बढ़कर 1,79,244 रुपये तक पहुंच सकती है। यह 10.07 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आर्थिक सर्वेक्षण को राज्य की मजबूत और संतुलित अर्थव्यवस्था का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि समृद्ध किसान, मजबूत उद्योग और विस्तृत सेवा क्षेत्र विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। कृषि क्षेत्र में दर्ज मजबूत विकास दर किसानों की मेहनत और सरकार की किसान-हितैषी नीतियों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से देश की औद्योगिक ताकत के रूप में उभर रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि बढ़ती आय, बेहतर अवसर और समृद्ध जीवन के साथ हर परिवार सशक्त छत्तीसगढ़ का हिस्सा बने।