Former RBI Governor Shaktikanta Das: रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रिंसिपल सेक्रेटरी-2 नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के साथ ही समाप्त होगा। वह दिसंबर 2018 में रिजर्व बैंक के गवर्नर नियुक्त किए गए थे, और उनका कार्यकाल 10 दिसंबर 2024 को समाप्त हुआ। सरकार के जारी आदेश के मुताबिक, शक्तिकांत दास प्रधानमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी-1 डॉ. पीके मिश्रा के साथ काम करेंगे।
केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति ने शक्तिकांत दास, आईएएस (रिटायर्ड) (टीएन:80) को प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव-2 के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दी है। यह नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने के दिन से प्रभावी होगी और प्रधानमंत्री के कार्यकाल के साथ या अगले आदेश तक जारी रहेगी।
कैसा रहा है शक्तिकांत दास का करियर?
67 वर्षीय शक्तिकांत दास ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से ताल्लुक रखते हैं और तमिलनाडु कैडर के 1980 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने केंद्र और तमिलनाडु सरकार के लिए विभिन्न पदों पर कार्य किया है। केंद्र में वह आर्थिक मामलों के सेक्रेटरी, फाइनेंस सेक्रेटरी और फर्टिलाइजर सेक्रेटरी के रूप में काम कर चुके हैं।
दिसंबर 2018 में शक्तिकांत दास को रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्होंने उर्जित पटेल की जगह ली थी, जिन्होंने डिमोनेटाइजेशन के बाद केंद्र सरकार के कुछ फैसलों का विरोध करते हुए इस्तीफा दे दिया था।
2021 में मिला था विस्तार
2021 में सरकार ने शक्तिकांत दास को तीन साल का विस्तार दिया था। हालांकि, हाल ही में खबरें आई थीं कि उन्हें दूसरा विस्तार मिलेगा, लेकिन इसके बजाय संजय मल्होत्रा को नया गवर्नर नियुक्त किया गया है।
शक्तिकांत दास का योगदान भारतीय अर्थव्यवस्था और रिजर्व बैंक के संचालन में महत्वपूर्ण रहा है। उनकी नई जिम्मेदारी प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव-2 के रूप में एक नई भूमिका होगी, जिसमें वह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काम करेंगे।
