भारत को मिला नया उपराष्ट्रपति, सी. पी. राधाकृष्णन ने विपक्ष को दी कड़ी मात, PM मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली | 9 सितंबर 2025
भारत के नए उपराष्ट्रपति के रूप में सी. पी. राधाकृष्णन का चुनाव हो गया है। उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों के अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। राधाकृष्णन को कुल 452 वोट मिले, जबकि रेड्डी को 300 वोटों पर संतोष करना पड़ा।

धनखड़ के इस्तीफे के बाद हुआ उपचुनाव
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह उपचुनाव कराया गया। संसद के दोनों सदनों के सांसदों ने इस पद के लिए गुप्त मतदान किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री सी पी राधाकृष्णन को उप राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई दी है। श्री मोदी ने एक बधाई संदेश में कहा कि श्री राधाकृष्णन का जीवन सदैव समाज की सेवा और गरीबों एवं वंचितों के सशक्तिकरण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा, ” मुझे पूरा विश्वास है कि श्री राधाकृष्णन देश के एक बेहतरीन उप राष्ट्रपति होंगे। वह हमारे संवैधानिक मूल्यों और संसदीय संवाद को मजबूत करेंगे। “

मुकाबला हुआ कांटे का, फिर भी एनडीए रहा भारी
एनडीए ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व महाराष्ट्र राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन को मैदान में उतारा, वहीं विपक्ष की इंडिया गठबंधन ने तेलंगाना हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया था।

मतदान में 98 प्रतिशत की भागीदारी
संसद में हुए इस चुनाव में लगभग 98 प्रतिशत सांसदों ने हिस्सा लिया। हालांकि, बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) ने किसानों की समस्याओं का हवाला देते हुए मतदान से दूरी बनाई। वहीं पंजाब से सांसद अमृतपाल सिंह और सरबजीत सिंह खालसा ने भी मतदान का बहिष्कार किया।

जीत के मायने: एनडीए की मजबूत पकड़
इस जीत के साथ एनडीए ने एक बार फिर साबित किया है कि संसद के अंदर उनकी स्थिति मजबूत है। राधाकृष्णन अब भारत के 15वें उपराष्ट्रपति बन गए हैं। वे राज्यसभा के सभापति पद की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

पूर्व उपराष्ट्रपति को मिला सरकारी आवास
इस्तीफे के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को दिल्ली के लुटियंस ज़ोन में टाइप आठ कैटेगरी का सरकारी बंगला आवंटित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *