केदारनाथ हेलीक्रैश : सात लोगों की मौत, AAIB करेगी जांच, हेली सेवाएं अस्थायी रूप से बंद

रुद्रप्रयाग/देहरादून/मुंबई। रविवार सुबह उत्तराखंड में एक बड़ा हेली दुर्घटना हुआ। केदारनाथ से गुप्तकाशी जा रहा आर्यन एविएशन का बेल 407 हेलिकॉप्टर (VT-BKA) गौरीकुंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक दो वर्षीय बच्ची भी शामिल है।

हेलिकॉप्टर सुबह करीब 5:30 बजे केदारनाथ से उड़ा था और कुछ ही देर बाद गौरीकुंड के ऊपर जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना स्थल गौरी माई खर्क के पास बताया जा रहा है, जो गौरीकुंड से करीब 5 किलोमीटर ऊपर स्थित है। रुद्रप्रयाग के आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार के अनुसार हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा और शून्य दृश्यता रहा।

हादसे में महाराष्ट्र के यवतमाल निवासी राजकुमार जायसवाल (41), उनकी पत्नी शारदा (35) और दो वर्षीय बेटी काशी की भी मौत हुई है। वे दर्शन के लिए 12 जून को वानी (यवतमाल) से केदारनाथ आए थे। इनके अलावा मृतकों में उत्तर प्रदेश बिजनौर की दो महिलाएं, रुद्रप्रयाग के विक्रम (46) और पायलट कैप्टन राजीव सिंह चौहान शामिल हैं।

हादसे के बाद हेली सेवाएं बंद

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अगले आदेश तक केदारनाथ मार्ग की हेली सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। मौके पर SDRF और NDRF की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। हेलिकॉप्टर में आग लगने से अधिकतर शव बुरी तरह झुलस गए।

AAIB करेगी जांच, SOP होगा तैयार

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) इस हादसे की जांच करेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई और इस हादसे को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में हेली सेवाओं की एक सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाएगी। इसमें उड़ान से पहले हेलिकॉप्टर की तकनीकी जांच और मौसम की समीक्षा अनिवार्य होगी।

मुख्य सचिव आनंद वर्धन को तकनीकी विशेषज्ञों की समिति बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जो हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा का पूरा आकलन करेगी। इसके साथ ही पूर्व की सभी हेलिकॉप्टर दुर्घटनाओं की भी जांच की जाएगी।

पायलट सेना से रिटायर्ड, 15 वर्षों का अनुभव

हेलिकॉप्टर के पायलट कैप्टन राजीव सिंह चौहान जयपुर के निवासी थे और उन्होंने भारतीय सेना में 15 साल तक सेवाएं दी थीं। वे अक्टूबर 2024 से आर्यन एविएशन में कार्यरत थे। उन्हें उड़ान संचालन का गहरा अनुभव था।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने इसे एक और दुखद विमानन हादसा करार दिया।

मृतकों की सूची

  1. विक्रम (46), रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड
  2. विनोद देवी (66), बिजनौर, उत्तर प्रदेश
  3. तुस्ती सिंह (19), बिजनौर, उत्तर प्रदेश
  4. राजकुमार सुरेश जायसवाल (41), वानी, यवतमाल, महाराष्ट्र
  5. शारदा राजकुमार जायसवाल (35), वानी, यवतमाल, महाराष्ट्र
  6. काशी (23 माह), वानी, यवतमाल, महाराष्ट्र
  7. कैप्टन राजीव सिंह चौहान, जयपुर, राजस्थान

उत्तराखंड में हो रही लगातार हवाई दुर्घटनाओं को देखते हुए सरकार हेली सेवाओं की निगरानी और संचालन को लेकर कठोर कदम उठाने जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नई गाइडलाइन और जांच प्रक्रियाएं बनाई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *