छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के संयुक्त मुख्यालय का शिलान्यास, मुख्यमंत्री साय और विधायक अनुज रहे शामिल

नवा रायपुर में ऊर्जा क्षेत्र को मिला नया आयाम, “एक छत के नीचे सभी सेवाएं” होगीं उपलब्ध

रायपुर, 3 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के ऊर्जा क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए आज नवा रायपुर सेक्टर-24 में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के संयुक्त मुख्यालय भवन का भव्य शिलान्यास किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ रायपुर उत्तर के विधायक श्री अनुज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन राज्य की रजत जयंती वर्ष और गणेश चतुर्थी जैसे शुभ अवसर पर किया गया, जिससे यह आयोजन और भी विशेष बन गया। शिलान्यास के साथ ही भवन के थ्री-डी मॉडल का अनावरण भी किया गया, जिसे देखकर यह अनुमान लगाया जा सकता है कि आने वाले समय में यह परिसर छत्तीसगढ़ के ऊर्जा तंत्र का नया केंद्र बनेगा।

“एक छत के नीचे उपभोक्ताओं को मिलेगी हर सेवा” – मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि यह संयुक्त मुख्यालय न सिर्फ तीनों पावर कंपनियों — GENCO, TRANSCO और CSPDCL — के बीच समन्वय को मजबूत करेगा, बल्कि अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यकुशलता को भी नई ऊँचाई देगा। उन्होंने कहा कि इस भवन के माध्यम से उपभोक्ताओं को एक ही जगह पर बिजली से संबंधित सभी सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की ऊर्जा यात्रा पिछले 25 वर्षों में आश्चर्यजनक रूप से आगे बढ़ी है। वर्ष 2000 में जहाँ राज्य की उत्पादन क्षमता सिर्फ 1400 मेगावाट थी, वहीं आज यह बढ़कर 30,000 मेगावाट तक पहुँच चुकी है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 1320 मेगावाट क्षमता के नए संयंत्र का शुभारंभ इसी प्रगति का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया और पर्यावरणीय संतुलन के महत्व को रेखांकित किया।

“ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम” – विधायक अनुज शर्मा

विधायक श्री अनुज शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि यह भवन सिर्फ ईंट और पत्थर का ढांचा नहीं है, बल्कि यह सौर ऊर्जा के उत्पादन और संरक्षण की दिशा में नए युग की शुरुआत का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ न सिर्फ आत्मनिर्भर बल्कि ऊर्जा सरप्लस राज्य के रूप में अन्य राज्यों की जरूरतें भी पूरी करेगा।

श्री शर्मा ने कहा कि राज्य का समृद्ध कोयला भंडार हमारी सबसे बड़ी ताकत है, और इसे कुशलता से उपयोग कर छत्तीसगढ़ ने ऊर्जा उत्पादन में जो ऊँचाइयाँ हासिल की हैं, वे प्रेरणादायक हैं।

“छत्तीसगढ़ अब वैश्विक कार्यसंस्कृति की ओर”

मुख्यमंत्री साय ने अपनी हालिया जापान और दक्षिण कोरिया यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब वैश्विक स्तर की अधोसंरचना और कार्यसंस्कृति की ओर तेज़ी से अग्रसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संयुक्त मुख्यालय भवन का निर्माण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ हो ताकि यह ऊर्जा क्षेत्र में राज्य की नई पहचान बन सके।

कार्यक्रम में रहे कई गणमान्य अतिथि

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव सहित ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *