रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने चर्चित मासिक प्रसारण ‘मन की बात’ की 120वीं कड़ी में देशवासियों से संवाद किया। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रेरणादायक कहानियों, जल संरक्षण, खेलों में बढ़ती भागीदारी, योग और सतत विकास जैसे विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम की शुरुआत में श्री मोदी ने कहा कि आज चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि है, जिससे चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। इसी के साथ विक्रम संवत 2082 का शुभारंभ भी हो रहा है। उन्होंने सभी देशवासियों को नवरात्रि और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बच्चों और युवाओं को गर्मियों की छुट्टियों में हुनर निखारने का सुझाव देते हुए कहा कि वे गर्मियों की छुट्टियों को नए कौशल सीखने, सेवा कार्यों और स्वयंसेवी गतिविधियों में शामिल होकर बिताएँ। अगर कोई संगठन, स्कूल या सामाजिक संस्था ग्रीष्मकालीन गतिविधियों का आयोजन कर रही है, तो उसे ‘माय हॉलिडे’ के तहत साझा किया जाए। प्रधानमंत्री मोदी ने जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बारिश की बूंदों को संरक्षित करके हम बहुत सारा पानी बचा सकते हैं। पिछले 7-8 वर्षों में देशभर में जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिससे 11 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी का संरक्षण किया गया है। उन्होंने कर्नाटक के गडग जिले की एक मिसाल दी, जहां ग्रामीणों ने सूख चुकी झीलों को पुनर्जीवित किया है। श्री मोदी ने खेलो इंडिया पैरा गेम्स का उल्लेख करते हुए बताया कि इस वर्ष इसमें पिछले साल की तुलना में अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस आयोजन में 18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने, जिनमें से 12 महिला खिलाड़ियों ने बनाए। दिल्ली में आयोजित ‘फिट इंडिया कार्निवाल’ में 25,000 लोगों ने भाग लिया, जिससे फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ी।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने मासिक प्रसारण में मशहूर रैपर हनुमानकाइंड की तारीफ की और कहा कि उनके गाने में भारत की पारंपरिक मार्शल आर्ट्स जैसे कलारिपयट्टू, गतका और थांग ता को जिस तरह शामिल किया गया है, वह सराहनीय है। मॉरिशस और गुयाना में भारतीय संस्कृति के प्रभाव की चर्चा करते हुए श्री मोदी ने अपनी हाल ही की मॉरिशस यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि वहां गीत गवई की प्रस्तुति दी गई, जो भारतीय परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। 200 साल पहले जो भारतीय मजदूर मॉरिशस गए थे, वे वहां पूरी तरह रच-बस गए और अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखी। इसी तरह गुयाना में चौताल की प्रस्तुति ने उन्हें प्रभावित किया। भारत में टेक्सटाइल वेस्ट की चुनौती और समाधान की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया में तीसरा सबसे ज्यादा टेक्सटाइल वेस्ट उत्पन्न करने वाला देश है। लेकिन अब स्टार्टअप्स और पर्यावरण प्रेमियों के प्रयासों से इस समस्या का समाधान खोजा जा रहा है। श्री मोदी ने हरियाणा के पानीपत की तारीफ की, जहां पुराने जूते-चप्पलों और कपड़ों को रिसाइकल करके नए उत्पाद बनाए जा रहे हैं। इससे सतत फैशन को बढ़ावा मिल रहा है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने योग दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि योग और आयुर्वेद को अपने जीवन में शामिल करना जरूरी है। श्री मोदी ने बताया कि चिली जैसे देशों में भी योग लोकप्रिय हो रहा है और ‘सोमोस इंडिया’ नामक संगठन योग और आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार में जुटा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने महुआ के फूलों से बने बिस्किट का उदाहरण दिया और कहा कि राजाखोह की चार बहनों द्वारा बनाए गए ये बिस्किट काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। इसी तरह तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में भी महुआ के फूलों से विभिन्न प्रकार के पकवान बनाए जा रहे हैं, जिन्हें लोग पसंद कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास उगने वाले कृष्ण कमल फूल का जिक्र किया और कहा कि यह अपनी सुंदरता से लोगों का मन मोह लेता है।

मुख्यमंत्री निवास में खट्टर, रमन, देव समेत प्रदेश के मंत्री केदार, विधायक पुरंदर समेत भाजपा नेताओं ने सुनी ‘मन की बात’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक प्रसारण ‘मन की बात’ की 120वीं कड़ी मुख्यमंत्री निवास में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष बाफना एवं शक्ति स्वरूपा बेटियों के साथ देश के का श्रवण किया।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *