नई दिल्ली/रायपुर, 25 मई 2025
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 122वीं कड़ी में आतंकवाद, माओवाद, भारतीय सेना के शौर्य और सामाजिक बदलावों पर विस्तार से चर्चा की। इस विशेष एपिसोड में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा करते हुए इसे भारत के आत्मविश्वास और बदलते चेहरे का प्रतीक बताया।


ऑपरेशन सिंदूर: देशभक्ति और उम्मीद की नई तस्वीर

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया, बल्कि दुनिया भर में आतंकवाद के खिलाफ एक नई प्रेरणा और आत्मविश्वास पैदा किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान की सफलता ने देश को भावनात्मक रूप से इतना छू लिया कि बिहार और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में बच्चों का नाम ‘सिंदूर’ रखा गया। एक बच्ची का नाम ‘सिंदूरी’ रखा गया है।

पीएम मोदी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य मिशन नहीं है, यह हमारे संकल्प, साहस और बदलते भारत की तस्वीर है।”


आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है पूरा देश

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में साफ कहा, “आज पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है, गुस्से से भरा है लेकिन दृढ़ भी है। हर भारतवासी का संकल्प है कि आतंकवाद को खत्म करना है। हमारी सेना ने अदम्य साहस और सटीकता से आतंकी ठिकानों को नष्ट किया है।”

उन्होंने ‘मेड इन इंडिया’ हथियारों और तकनीक की सफलता पर भी गर्व व्यक्त किया और बताया कि इससे ‘वोकल फॉर लोकल’ मुहिम को नई ताकत मिली है। कई परिवारों ने भारतीय उत्पाद अपनाने का संकल्प लिया है—खिलौनों से लेकर छुट्टियों और उपहारों तक।


महाराष्ट्र के गढ़चिरौली और छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा का जिक्र

पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के कटेझारी गांव की बात की, जहां पहली बार बस पहुंची। उन्होंने कहा कि यह माओवाद से मुक्ति और लोकतंत्र की जीत का संकेत है।

साथ ही छत्तीसगढ़ के बस्तर और दंतेवाड़ा के बच्चों में शिक्षा और विज्ञान के प्रति बढ़ती रुचि की सराहना करते हुए कहा कि वहां के बच्चे अब विज्ञान में कमाल कर रहे हैं और खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने बस्तर ओलंपिक और साइंस लैब जैसे नवाचारों की सराहना की। साथ ही परीक्षा परिणामों में दंतेवाड़ा जिले की उपलब्धियों का भी जिक्र किया—जहां 10वीं के नतीजों में जिला अव्वल रहा और 12वीं में छठा स्थान हासिल किया।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया आभार

प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का जिक्र करने पर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री के विकसित भारत अभियान के नक्शेकदम पर चलते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है।



122वीं ‘मन की बात’ कड़ी ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत अब न केवल अपने सीमाओं की सुरक्षा के प्रति सजग है, बल्कि सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक मोर्चे पर भी बदलाव की नई इबारत लिख रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का यह संबोधन राष्ट्र को एक नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *