देवजी ने डाले हथियार! सीएम साय बोले– नक्सलमुक्त भारत का संकल्प होगा पूरा, डिप्टी सीएम ने कहा– अंतिम पड़ाव पर नक्सलवाद

डेढ़ करोड़ के इनामी महासचिव थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी और 1 करोड़ के इनामी संग्राम ने तेलंगाना पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण, आधिकारिक पुष्टि बाकी

नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगने की खबर है। संगठन के महासचिव और पोलित ब्यूरो मेंबर थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी ने अपने साथी सीसीएम संग्राम के साथ तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से भी इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि बसवा राजू के एनकाउंटर के बाद नक्सल संगठन ने देवजी को महासचिव बनाया था। वर्तमान में वह संगठन का सबसे बड़ा लीडर माना जा रहा था। उस पर सिर्फ छत्तीसगढ़ में ही करीब डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। वहीं, संग्राम एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इसे नक्सल-विरोधी अभियान की बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि नक्सली संगठन के शीर्ष नेताओं का आत्मसमर्पण यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री श्री अमित शाह का नक्सलमुक्त भारत का संकल्प अवश्य पूरा होगा।

प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सूचना मिल रही है कि देवजी और संग्राम ने तेलंगाना पुलिस के सामने सरेंडर किया है। यह बहुत बड़ी जीत है। नक्सलियों के समापन का अंतिम पड़ाव आ चुका है। उन्होंने बताया कि कर्रेगुट्टा अभियान जारी है और अब तक 89 आईईडी बरामद किए जा चुके हैं। कुछ अन्य नामों से भी बातचीत चल रही है। उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च तक नक्सलवाद समाप्त हो जाएगा।

बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि सीमावर्ती राज्य में कुछ वरिष्ठ नक्सली कैडरों के आत्मसमर्पण की खबरों को लेकर चर्चा चल रही है, लेकिन प्रोटोकॉल के अनुसार ऐसी किसी भी घटना की आधिकारिक पुष्टि संबंधित एजेंसियां या संबंधित राज्य के अधिकारी ही कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में नक्सली संगठन अपने अंत की ओर बढ़ रहा है। अब कैडरों के पास हिंसा त्यागकर समाज की मुख्यधारा में लौटने के अलावा कोई विकल्प शेष नहीं है। उन्होंने नक्सली नेतृत्व और कैडरों से अपील की कि वे आगे आकर हथियार डालें और शांति का मार्ग अपनाएं, अन्यथा परिणामों का सामना करना पड़ेगा।

सूत्रों के मुताबिक बस्तर के अलग-अलग इलाकों में अब करीब 200 आर्म्ड कैडर ही बचे हैं, जो छोटे-छोटे समूहों में छिपे हुए हैं। महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ (MMC) जोन पूरी तरह खत्म हो चुका है। उत्तर बस्तर और माड़ डिवीजन से भी नक्सलियों का लगभग सफाया हो गया है।

जानकारी के अनुसार दक्षिण बस्तर के जंगलों में पापाराव अपने साथियों के साथ अलग-अलग टुकड़ियों में छिपा हुआ है, जबकि मिशिर बेसरा झारखंड में मौजूद बताया जा रहा है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *