इंदौर मेट्रो की ऐतिहासिक शुरुआत, महिलाओं ने की पहली सवारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण, 6 किलोमीटर का सफर 11 मिनट में पूरा

इंदौर | शनिवार, 31 मई

इंदौर शहर के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा जब मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से वर्चुअल माध्यम से इंदौर मेट्रो का लोकार्पण किया। यह शुभारंभ लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन के दौरान किया गया। इस खास दिन पर इंदौर मेट्रो की पहली सवारी महिलाओं के लिए समर्पित रही।

इंदौर मेट्रो की पहली ट्रेन दोपहर 12:09 बजे देवी अहिल्याबाई होल्कर टर्मिनल से रवाना हुई और 11 मिनट में 6 किलोमीटर का सफर तय कर वीरांगना झलकारी बाई स्टेशन पहुंची। दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन वापस रवाना हुई और 12:34 बजे टर्मिनल पर लौटी। इस अवसर पर महिलाओं में उत्साह देखने लायक था। उन्होंने तिरंगे लहराते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। कई महिलाएं पारंपरिक परिधानों में मिट्टी के शिवलिंग लेकर मेट्रो यात्रा पर निकलीं।

मेट्रो रूट पर पड़ने वाले सभी स्टेशन देश की वीरांगनाओं के नाम पर रखे गए हैं, जिनमें महारानी लक्ष्मीबाई स्टेशन, रानी अवंतीबाई लोधी स्टेशन, रानी दुर्गावती स्टेशन और वीरांगना झलकारी बाई स्टेशन प्रमुख हैं। यह यलो लाइन सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर शहर के बढ़ते ट्रैफिक और प्रदूषण को कम करने में सहायक होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 6 बजे इंदौर पहुंचे और मेट्रो संचालन की समीक्षा की। मेट्रो सेवा के पहले सप्ताह में यात्रियों के लिए सफर पूरी तरह मुफ्त रखा गया है। इसके बाद दो स्टेशनों के बीच किराया ₹20 और दो से अधिक स्टेशनों का ₹30 निर्धारित किया गया है।

इंदौर मेट्रो टर्मिनल पर देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिससे यह टर्मिनल एक सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान भी प्राप्त कर रहा है।

इंदौर मेट्रो की यह शुरुआत न केवल एक यातायात सुविधा है, बल्कि शहर के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी मानी जा रही है।


By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *