रायपुर, 9 जून 2025। सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में सोमवार सुबह नक्सलियों द्वारा किए गए प्रेशर आईईडी विस्फोट में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरपुंजे शहीद हो गए। इस हमले में एसडीओपी भानुप्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी सोनल ग्वाला सहित कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना को लेकर पूरे राज्य में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्यपाल रमेन डेका ने इस कायरतापूर्ण हमले पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात फंदीगुड़ा इलाके में नक्सलियों ने एक क्रशर प्लांट पर हमला कर जेसीबी मशीन में आग लगा दी थी और उसके आसपास आईईडी बिछा दी थी। सोमवार सुबह जब पुलिस टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची, तभी विस्फोट हो गया। इस हमले में गश्त पर निकले एएसपी आकाश राव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और कायराना कृत्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद अधिकारी के परिजनों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने शहीद अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए हैं।
राज्यपाल रमेन डेका ने भी घटना पर दुख जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। राज्यपाल ने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
यह हमला ऐसे समय पर हुआ है जब माओवादी संगठनों ने 10 जून को भारत बंद का ऐलान किया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह हमला डर और अस्थिरता का वातावरण बनाने के उद्देश्य से किया गया है। शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे एक निष्ठावान और साहसी अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। उनकी शहादत से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है और नक्सली संगठन बौखलाहट में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नक्सलियों को इसका माकूल जवाब दिया जाएगा और जल्द ही राज्य से उनका पूर्ण सफाया किया जाएगा।
