PM मोदी तीन दिन के रायपुर दौरे पर; शाह-डोभाल भी पहुंचेंगे, सुरक्षा बंदोबस्त कड़े

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29-30 नवंबर को रायपुर में आयोजित पुलिस महानिदेशकों/महानिरीक्षकों के 60वें अखिल भारतीय सम्मेलन में शामिल होंगे। यह सम्मेलन 28 से 30 नवंबर तक भारतीय प्रबंधन संस्थान, रायपुर में होगा। सम्मेलन का विषय ‘विकसित भारत: सुरक्षा आयाम’ रखा गया है, जिसके तहत प्रमुख पुलिस चुनौतियों की समीक्षा और सुरक्षित भारत के लिए भविष्य की रणनीति तय की जाएगी।

सम्मेलन में वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद का मुकाबला, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा और पुलिसिंग में फोरेंसिक विज्ञान तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे।

प्रधानमंत्री का यह नवंबर माह में दूसरा रायपुर दौरा होगा। PM मोदी रायपुर में नए स्पीकर हाउस M-1 में ठहरेंगे। प्रवास के दौरान उनके लिए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों—पालक, पत्तागोभी, फूलगोभी, मेथी, सरसों और बथुआ भाजी—का स्वाद चखने की विशेष व्यवस्था की गई है। उनके दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

गृहमंत्री अमित शाह का कार्यक्रम भी बदल दिया गया है। पहले वे 28 नवंबर को आने वाले थे, लेकिन वे विशेष विमान से 27 नवंबर की रात को ही रायपुर पहुंचे। शाह वित्त मंत्री आवास M-11 में ठहरेंगे, जिसे पूरी तरह वीवीआईपी मानकों के अनुसार तैयार किया गया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल भी सम्मेलन में शामिल होने रायपुर आएंगे। उनके लिए नए सर्किट हाउस में विशेष रूम तैयार किया गया है। उनके साथ डिप्टी NSA अनीश दयाल सिंह, IB चीफ तपन डेका, केंद्रीय गृह सचिव और केंद्रीय गृह राज्य मंत्रियों के ठहरने की भी व्यवस्था की गई है।

सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह राज्य मंत्री, देशभर के पुलिस महानिदेशक, केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख, गृह विभाग के शीर्ष अधिकारी और DIG तथा SP स्तर के चुनिंदा अधिकारी शामिल होंगे। यह सम्मेलन देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, पुलिस चुनौतियों पर खुली चर्चा करने और आधुनिक पुलिसिंग को दिशा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।

वर्ष 2014 के बाद से प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में इस सम्मेलन के स्वरूप में कई सुधार किए गए हैं। यह सम्मेलन पहले गुवाहाटी, कच्छ का रण, हैदराबाद, टेकनपुर, केवड़िया, पुणे, लखनऊ, नई दिल्ली, जयपुर और भुवनेश्वर जैसे स्थानों पर भी आयोजित हो चुका है। इस वर्ष इसकी मेजबानी रायपुर कर रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *