प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर मनेगा सेवा पखवाड़ा, छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने साझा किया भावुक किस्सा
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को देशभर में बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में भी विशेष आयोजन की तैयारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर महात्मा गांधी की जयंती तक “सेवा पखवाड़ा” मनाया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता, हेल्थ केयर सहित विभिन्न विभागों द्वारा जनहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ा एक भावुक किस्सा सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया है। उन्होंने लिखा:
“कुछ पल जीवन में हमेशा के लिए यादों में बस जाते हैं न केवल उनकी भव्यता के लिए, बल्कि उस आत्मीयता, स्नेह और सोच के लिए जो उनके पीछे छिपी होती है।
https://x.com/ArunSao3/status/1967912919103950848?t=xJbsJe0bV2rTRv9BoStGiA&s=19
ऐसा ही एक पल मैंने अनुभव किया जब बिलासपुर में परिवर्तन यात्रा के समापन समारोह के दौरान, हेलीपेड पर मैंने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का स्वागत किया। उस क्षण उन्होंने मेरी पीठ थपथपाई और मुस्कुराते हुए कहा कि, ‘अध्यक्ष जी, आपकी परिवर्तन यात्रा तो बहुत अच्छी रही, पर आपका गला कैसे बैठ गया है?’
यह सुनकर मैं स्तब्ध रह गया। एक क्षण के लिए लगा जैसे उन्होंने मेरे मन को पढ़ लिया हो। उसके बाद हर सभा और कार्यक्रम में वे मेरी आवाज का जिक्र करते थे। यानी एक सामान्य कार्यकर्ता की बैठी हुई आवाज तक पर उनकी नजर थी। और मेरी आवाज कैसे ठीक हो रही है, इसका भी उन्हें ख्याल था।
यह क्षण मेरे लिए बेहद खास था। मुझे महसूस हुआ कि प्रधानमंत्री मोदी जी सिर्फ नेतृत्व नहीं करते, वे व्यक्तिगत रूप से हर व्यक्ति को समझते हैं, उनकी परवाह करते हैं और उनसे जुड़ते हैं।
उनकी यही संवेदनशीलता, सरलता और सादगी उन्हें अलग बनाती है, यही कारण है कि वे आज न केवल भारत के, बल्कि पूरी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनका जीवन और नेतृत्व हम सभी के लिए एक प्रेरणा है।
मोदी जी का जन्मदिवस हम सभी के लिए प्रेरणा का दिन है, यह सीखने का दिन है कि कैसे एक नेता बनकर भी दिल से इंसान बना रहा जा सकता है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर डिप्टी सीएम साव की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों को एक नेता के मानवीय पक्ष को करीब से देखने का अवसर दे रही है।
