रायपुर/बिलासपुर, 29 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट ने आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए रात्रिकालीन उड़ान सेवा की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नाइट ऑपरेशन्स का विधिवत लोकार्पण किया और स्वयं पहली रात्रि उड़ान से रायपुर के लिए प्रस्थान कर इस नई सेवा का शुभारंभ किया। उनके साथ विधायक श्री धर्मजीत सिंह भी इस विशेष उड़ान में शामिल रहे।
गौरतलब है कि एयरपोर्ट को 3सी वीएफआर श्रेणी से उन्नत कर 3सी आईएफआर श्रेणी में विकसित करने का कार्य लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किया गया है। इस महत्वपूर्ण उन्नयन के पश्चात नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने 6 फरवरी 2026 को एयरपोर्ट को 3सी आईएफआर श्रेणी के तहत रात्रिकालीन संचालन की अनुमति प्रदान की। इसके साथ ही अब बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से दिन के साथ-साथ रात में भी नियमित उड़ानों का संचालन संभव हो गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि रात्रि उड़ान सेवा की शुरुआत प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में मेडिकल और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए भी हवाई संपर्क सुलभ हो सकेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से इस नई सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुखद यात्रा की कामना की।
इस समारोह को केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री धर्मजीत सिंह, श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसपी श्री रजनीश सिंह, एयरपोर्ट डायरेक्टर श्री एन. वीरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रात्रिकालीन उड़ान सेवा के शुरू होने से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब अधिक लचीली और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा, जिससे पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
