‘इंडी’ गठबंधन ने किया घोर महापाप, महिलाओं के अधिकारों से किया खिलवाड़ : मुख्यमंत्री श्री साय

नारी शक्ति के सम्मान में बाधा डालने वालों को जनता देगी जवाब : मुख्यमंत्री श्री साय

महिलाओं के हक पर प्रहार बर्दाश्त नहीं, अधिनियम जरूर होगा पारित : मुख्यमंत्री

नारी सशक्तिकरण के खिलाफ विपक्ष की साजिश उजागर : मुख्यमंत्री साय

रायपुर 19 अप्रैल 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गत दिवस राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संबंध में राष्ट्र के नाम प्रसारित संबोधन का श्रवण किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इसके उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि देश की आधी आबादी को विकास की मुख्यधारा में निर्णयकर्ता बनाने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया जा रहा था, लेकिन कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, डीएमके तथा तथाकथित ‘इंडी’ गठबंधन ने मिलकर इस ऐतिहासिक विधेयक को पारित नहीं होने दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इसे विपक्ष द्वारा किया गया “घोर महापाप” बताते हुए कहा कि इस कृत्य से देश की लगभग 70 करोड़ माताओं-बहनों के साथ विश्वासघात हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं इस घटना को कभी नहीं भूलेंगी और आने वाले समय में इसका राजनीतिक परिणाम भी देखने को मिलेगा।

उन्होंने आगे कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में यह आश्वस्त किया है कि महिलाओं के मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए यह विधेयक भविष्य में अवश्य पारित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के इस संकल्प को देश की महिलाओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विपक्ष के इस रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोकना भ्रूण हत्या जैसे निंदनीय पाप के समान है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण की भावना को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी देश में बड़े और सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास होता है, तब विपक्षी दल विरोध का रास्ता अपनाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की कार्यप्रणाली अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” की नीति से प्रेरित रही है – जहां सुधारों की बात तो की जाती है, लेकिन जब उन्हें लागू करने का समय आता है, तब पीछे हट जाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि देश की जनता अब इन राजनीतिक चालों को समझ चुकी है और ऐसे कृत्यों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र और राज्य सरकारें पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं और महिलाओं को उनका उचित अधिकार दिलाकर ही रहेंगी।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, महिला बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा सहित अन्य महिला जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थी।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed