‘ क्या दीपक बैज कांग्रेस के 33 विधायकों को करेंगे निष्कासित?’ पूर्व CM भूपेश बघेल पर भाजपा का बड़ा हमला, चिमनानी ने पूछा तीखा सवाल

रायपुर: भाजपा ने कांग्रेस महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर बड़ा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने एक पोस्ट के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और कांग्रेस संगठन से सवाल किया है कि क्या वे अपने 33 विधायकों को सवाल पूछने पर कांग्रेस से निष्कासित करने जा रहे हैं?

अमित चिमनानी ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल बार-बार यह बयान दे रहे हैं कि कांग्रेस के केवल दो ही विधायक सवाल पूछते हैं, जबकि नेता प्रतिपक्ष भी सवाल नहीं पूछते। उन्होंने कहा, “अगर यही सच है तो चरण दास महंत सहित कांग्रेस के सभी 33 विधायकों को कांग्रेस से निष्कासित कर देना चाहिए।”

https://twitter.com/caamitchimnani/status/1899362492729737483?t=EutarBdLhd8vPTTThXj4mw&s=19

दरअसल, यह विवाद उस वक्त उभरा जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यह संयोग है या प्रयोग, लेकिन उन्होंने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से आवास संबंधित सवाल पूछने के बाद उनके खिलाफ 4 दिन के भीतर ईडी की छापेमारी हो गई। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री कवासी लखमा द्वारा डिप्टी सीएम अरुण साव से सवाल पूछने के 8 दिन बाद भी ईडी की टीम उनके घर पहुंची थी।

भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर आगे कहा, “विधानसभा में सवाल पूछना अब गुनाह हो गया है। जब विधायक कवासी लखमा ने सवाल पूछा तो उनके घर ईडी की टीम पहुंची और अब मैंने सवाल पूछा तो मेरे घर भी ईडी आ गई। अब यह देखना है कि भाजपा सरकार और कितने कांग्रेसी नेताओं के घर ईडी भेजने वाली है।”

ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को सुबह छापेमारी की थी, जिसके बाद से सियासी गर्मी बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *