महादेव सट्टा एप: दुर्ग के दो पुलिस अधिकारी पीएचक्यू अटैच, वायरल तस्वीरों से बवाल, भाजपा नेता जयराम दुबे ने बताया कर्मो का फल,साधा कांग्रेस पर निशाना

दुर्ग, छत्तीसगढ़ |

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महादेव सट्टा एप से कथित रूप से जुड़े एक सटोरिए के साथ पुलिस अधिकारियों की तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले ने अब प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है।


वायरल फोटो से मचा बवाल, PHQ ने की तत्काल कार्रवाई
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक फोटो तेजी से वायरल हुई, जिसमें एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर, निरीक्षक कपिल देव पांडे और उप निरीक्षक चेतन चंद्राकर एक ऐसे व्यक्ति के साथ नजर आ रहे थे, जिसे महादेव सट्टा एप से जुड़ा सटोरिया बताया गया। तस्वीर सामने आते ही पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे और मीडिया व राजनीतिक हलकों में इसकी जमकर चर्चा हुई।
विवाद बढ़ने के बाद पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया।


पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार:
कपिल देव पांडे, थाना प्रभारी जामुल को पुलिस मुख्यालय (PHQ) अटैच किया गया है।
चेतन चंद्राकर, उप निरीक्षक दुर्ग को भी PHQ अटैच किया गया है।
अरविंद कुमार साहू, रक्षित निरीक्षक राजनांदगांव को नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी भेजा गया है।
बालाराम सिन्हा, उप निरीक्षक महासमुंद को धमतरी स्थानांतरित किया गया है।


पुराना मामला भी आया चर्चा में
उप निरीक्षक चेतन चंद्राकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में ‘गुड लिस्ट’ अधिकारी माने जाते थे। वे तब सुर्खियों में आए थे, जब सितंबर 2020 में उन्होंने भाजपा नेता जयराम दुबे को पाटेकोहरा चेकपोस्ट पर 13 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया था। आरोप था कि दुबे महाराष्ट्र से अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे। उस समय भाजपा ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए सरकार पर दबाव बनाने का प्रयास किया था।
भाजपा का आरोप था कि दुबे सूचना का अधिकार (RTI) के माध्यम से कांग्रेस सरकार की कथित गलतियों और भ्रष्टाचार का पर्दाफाश कर रहे थे, जिसके कारण उन्हें फंसाया गया।


भाजपा का तीखा हमला: ‘कर्मों का फल मिल रहा है
वर्तमान घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता जयराम दुबे ने कहा, “कांग्रेस शासनकाल में अधिकारियों को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी मामले गढ़ने के निर्देश दिए जाते थे। अब उन्हीं अधिकारियों का नाम सट्टा घोटाले में सामने आना इस बात का प्रमाण है कि वे किसके इशारे पर काम कर रहे थे।”


उन्होंने कांग्रेस पर सनातन धर्म और आस्था के प्रतीकों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। दुबे ने कहा, “श्रीराम और महादेव के नाम का दुरुपयोग करने, गऊ माता के नाम पर गोबर घोटाले करने का पाप कांग्रेस और उनके चाटुकारों को लगा है। अब इसका फल मिल रहा है।”
भविष्य में और कार्रवाई संभव
भाजपा नेता जयराम दुबे ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच हो और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने साफ संकेत दिया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के किसी भी रूप को बर्दाश्त नहीं करेगी और “सुशासन” के वादे को जमीन पर उतारेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *