गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार, 12 जून 2025 को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाली थी, टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य शामिल थे।

विमान ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी और मात्र दो मिनट बाद 1:40 बजे एयरपोर्ट की बाउंड्री से टकराकर क्रैश हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टेकऑफ करते समय विमान में जोरदार धमाका हुआ और वह एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास गिर पड़ा। धमाके के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया और आसपास की इमारतों में आग लग गई। पास में खड़े कई वाहन भी जल उठे। मेघानी नगर इलाके में विमान का मलबा बिखरा पड़ा है।

हादसे के बाद, एनएसजी कमांडो और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं। नजदीकी अस्पतालों में आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी गई है। विमान के क्रैश की वजह तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुई, इसकी जांच जारी है। एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।

इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के भी सवार होने की खबरें हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने एक बयान जारी कर कहा, “बहुत दुख के साथ मैं पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद लंदन गैटविक उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हमारी संवेदनाएं इस विनाशकारी घटना से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। इस समय, हमारा प्राथमिक ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिवारों का साथ देने पर है। हम साइट पर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों की सहायता करने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और देखभाल प्रदान करने के लिए शक्ति में सब कुछ कर रहे हैं। जैसे ही हमें और अधिक सत्यापित जानकारी प्राप्त होगी, आगे के अपडेट साझा किए जाएंगे। एक आपातकालीन केंद्र सक्रिय कर दिया गया है और जानकारी मांगने वाले परिवारों के लिए सहायता टीम स्थापित की गई है।”

विमानन मंत्रालय और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, विमान ने टेकऑफ के तुरंत बाद ‘मेडे’ कॉल किया था, लेकिन इसके बाद कोई और संपर्क नहीं हो पाया। विमान का ट्रांसपोंडर सिग्नल टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद खो गया था।

यह हादसा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान के इतिहास में पहला घातक दुर्घटना है। इससे पहले इस मॉडल में कोई घातक दुर्घटना नहीं हुई थी।अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं और जांच जारी है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *