रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने तीन नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में गुरु खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल और गजेंद्र यादव शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य में पहली बार कुल 14 मंत्री हो गए हैं।
अब तक मुख्यमंत्री समेत 12 सदस्यीय कैबिनेट थी। संविधान के अनुसार 90 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 13 मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन हरियाणा मॉडल को अपनाकर छत्तीसगढ़ में अब 14 मंत्री बनाए गए हैं।
कौन हैं नए मंत्री
गजेंद्र यादव
गजेंद्र यादव का जन्म 1978 में हुआ। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा दुर्ग से और एमए तक की पढ़ाई पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से की। वे 2023 में दुर्ग से विधायक बने और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा को हराया। यादव समुदाय में इनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
गुरु खुशवंत साहेब
गुरु खुशवंत साहेब आरंग से विधायक हैं। 2023 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए और शिवकुमार डहरिया को हराया। वे सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु हैं और समाज सेवा में वर्षों से सक्रिय हैं। एमटेक की पढ़ाई की है। उनके पास ₹2.08 करोड़ की संपत्ति है और ₹1.25 करोड़ की देनदारी। कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
राजेश अग्रवाल
राजेश अग्रवाल अंबिकापुर से विधायक हैं। 2023 चुनाव में उन्होंने डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को 94 वोटों से हराया। 2018 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए। वे व्यवसाय से जुड़े रहे हैं। उनके पास ₹10 करोड़ की संपत्ति है और कोई आपराधिक प्रकरण नहीं है।
सीएम ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर तीनों नए मंत्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा—
“आज शपथ लेने वाले मेरे कैबिनेट के नए सदस्य श्री गजेंद्र यादव, श्री गुरु खुशवंत साहेब, श्री राजेश अग्रवाल को बधाई और शुभकामनाएँ। मुझे पूरा विश्वास है कि सभी मंत्रीगण पूरी निष्ठा और लगन से जनता की सेवा कर विकास और सुशासन का सुनहरा अध्याय रचेंगे।”
किस मंत्री के पास कौन सा विभाग
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय – स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, धर्मस्व, पर्यटन, संस्कृति, जनसंपर्क, वाणिज्यिक कर, खनिज साधन, सामान्य प्रशासन, ऊर्जा
- डिप्टी सीएम विजय शर्मा – नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण
- डिप्टी सीएम अरुण साव – गृह, जेल, तकनीकी शिक्षा, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, ग्रामीण विकास
- लक्ष्मी राजवाड़े – महिला-बाल विकास, समाज कल्याण
- श्याम बिहारी जायसवाल – स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, 20 सूत्रीय कार्यक्रम
- रामविचार नेताम – कृषि, आदिवासी विकास, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण
- लखनलाल देवांगन – वाणिज्य, उद्योग, श्रम
- दयालदास बघेल – खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता संरक्षण
- केदार कश्यप – वन, जल संसाधन, संसदीय कार्य, कौशल विकास, सहकारिता
- ओपी चौधरी – वित्त, आवास, पर्यावरण, योजना, आर्थिक-सांख्यिकी
- टंकराम वर्मा – आपदा प्रबंधन, खेल, युवा कल्याण
नए मंत्रियों को विभागों का आवंटन जल्द किया जाएगा।
