रायपुर। मंगलवार, 19 अगस्त 2025
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में हुई कैबिनेट बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार ने दो बड़े फैसले लिए हैं। ये निर्णय प्रदेश के गरीब तबके को राहत देने और नवा रायपुर को आईटी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकते हैं।

पहला फैसला प्रदेश के अनुसूचित क्षेत्र और माडा पॉकेट में रहने वाले अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के परिवारों से जुड़ा है। अब इन परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत हर महीने मिलने वाला 2 किलो चना, नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा NeML ई-ऑक्शन प्लेटफार्म के माध्यम से खरीदा जाएगा। यह खरीदी वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 0.25% या उससे कम ट्रांजैक्शन/सर्विस चार्ज पर की जाएगी।

कैबिनेट ने यह भी स्पष्ट किया है कि जुलाई से नवंबर 2025 तक जिन हितग्राहियों को चना नहीं मिला है, उन्हें पात्रतानुसार यह चना दिसंबर 2025 तक वितरित कर दिया जाएगा।

आईटी निवेश को लेकर भी बड़ी पहल

विष्णुदेव साय कैबिनेट ने प्रदेश के तकनीकी और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट ने नवा रायपुर में आईटी और आईटीईएस (IT/ITES) उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए 90 एकड़ भूमि को रियायती प्रीमियम दर पर आवंटित करने का निर्णय लिया है।

सरकार का मानना है कि इससे निजी निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और नवा रायपुर तकनीकी विकास का नया केंद्र बनेगा। इस फैसले से शहरीकरण को भी गति मिलेगी और स्थानीय निवासियों को आधारभूत संरचना के विकास का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

छत्तीसगढ़ सरकार के ये दोनों निर्णय राज्य की जनता की बुनियादी जरूरतों और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में कैबिनेट का यह निर्णय सामाजिक सुरक्षा और औद्योगिक विकास के बीच संतुलन का संकेत देता है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed