रायपुर, 08 सितंबर। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत खरोरा में गणेशोत्सव की धूमधाम देखने को मिली। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणपति विसर्जन के पूर्व नगर में भव्य झांकी निकाली गई, जिसमें भगवान गणेश की अद्भुत लीलाओं का प्रदर्शन किया गया। झांकी को देखने के लिए नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में फिल्म स्टार और भाजपा विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए। उन्होंने झांकी का अवलोकन किया और श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भक्ति गीतों का आनंद लिया। ढोल-नगाड़ों, डीजे, बैंड-बाजों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजा नगर, “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोषों से गूंज उठा।
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने झांकी आयोजन समिति के सभी सदस्यों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक झांकी नहीं, हमारे नगर की संस्कृति और एकता का प्रतीक है। आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और भी भव्य रूप दिया जाएगा।” उन्होंने साथ ही भगवान गणेश से प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और शांतिपूर्ण वातावरण में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। खरोरा नगर की यह गणेश झांकी अब न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बन चुकी है, बल्कि सामाजिक समरसता का प्रतीक भी बन गई है।