हरारे (ज़िम्बाब्वे)। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईसीसी अंडर-19 मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को खेले गए फ़ाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में 411 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई।

वैभव सूर्यवंशी का तूफान

भारतीय जीत के नायक ओपनर वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने फ़ाइनल जैसे बड़े मुकाबले में ऐतिहासिक पारी खेली। सूर्यवंशी ने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप फ़ाइनल में किसी भी खिलाड़ी का अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।

भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। पिछले मैच के हीरो आरोन जॉर्ज महज 9 रन बनाकर आउट हो गए थे। चार ओवर में भारत का स्कोर 20 रन था, लेकिन इसके बाद सूर्यवंशी ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर इंग्लैंड के गेंदबाज़ों पर दबाव बना दिया।

इंग्लैंड की पारी बिखरी

412 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत खराब रही। जोसेफ मूर्स 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद बीजे डॉवकिंस (66) और बेन मेयस (45) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।

एक समय इंग्लैंड के सात विकेट 177 रन पर गिर चुके थे। यहां से कैलेब फाल्कनर ने 67 गेंदों में 115 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 9 चौके शामिल रहे। हालांकि, उनकी यह पारी भी इंग्लैंड को हार से नहीं बचा सकी।

गेंदबाज़ों ने किया कमाल

भारत की ओर से अमब्रिश सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने 9 ओवर में 56 रन देकर 3 विकेट झटके। कनिष्क चौहान और दीपेष देववर्धन को 2-2 विकेट मिले। अन्य गेंदबाज़ों ने भी कसी हुई गेंदबाज़ी कर इंग्लैंड पर दबाव बनाए रखा।

पीएम मोदी ने दी बधाई

भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा,
“भारत का क्रिकेट टैलेंट चमका! हमारी U-19 टीम पर गर्व है जिसने वर्ल्ड कप घर लाया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बहुत अच्छा खेला और शानदार स्किल दिखाई। यह जीत कई युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी। खिलाड़ियों को उनके आने वाले प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

टूर्नामेंट के हीरो बने सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 439 रन बनाए और भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई।

इस जीत के साथ भारत ने एक बार फिर साबित किया कि उसकी अंडर-19 क्रिकेट व्यवस्था दुनिया की सबसे मज़बूत प्रणालियों में से एक है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *