रायपुर, 17 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और प्रशासनिक दक्षता का परिणाम है, जिससे गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व की दिशा में ठोस सहायता मिल रही है।

राज्य ने योजना के तहत पंजीयन, स्वीकृति और शिकायतों के त्वरित निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजस्थान, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। इस सफलता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लेकर राज्य स्तर के अधिकारियों तक सभी का समर्पण और सक्रिय भूमिका रही है।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023-24 में 1,75,797 गर्भवती महिलाओं ने पंजीयन कराया था, जो 2024-25 में बढ़कर 2,19,012 हो गया। वहीं वर्ष 2025-26 में फरवरी तक 2,04,138 महिलाओं का पंजीयन किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 93.3 प्रतिशत है।

पंजीयन के बाद आवेदनों के त्वरित परीक्षण और स्वीकृति पर विशेष ध्यान दिया गया। लगभग 83 प्रतिशत आवेदनों की जांच कर उन्हें भुगतान के लिए भेजा गया, जबकि केंद्र से स्वीकृति की दर 83.87 प्रतिशत रही, जो देश में सबसे अधिक है। शिकायतों के निराकरण में भी राज्य ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 93 प्रतिशत मामलों का समाधान किया।

तीन वर्षों में योजना के तहत कुल 5,98,947 पंजीयन किए गए, जिनमें से 5,40,624 को स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। दूसरी बेटी के जन्म पर 6,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि तीन किश्तों में दी जाती है—पंजीयन पर 1,000 रुपये, छह माह बाद 2,000 रुपये और प्रसव के बाद शिशु के पंजीकरण व टीकाकरण के पश्चात 2,000 रुपये।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इस योजना के माध्यम से संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ शिशु मृत्यु दर को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed